नई दिल्ली। दिल्ली के ITO इलाके में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। PWD कार्यालय के पास दो कारों की जोरदार टक्कर में दो विधायकों समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों में दिल्ली की किराड़ी विधानसभा सीट से AAP विधायक अनिल झा और कर्नाटक के बेलगावी दक्षिण से भाजपा विधायक अभय पाटिल भी शामिल हैं। हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए LNJP अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कैसे हुआ ITO के पास हादसा?
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 9:30 बजे I.P. एस्टेट थाना क्षेत्र में PWD कार्यालय के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में पता चला कि लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जा रही स्विफ्ट कार पहले डिवाइडर से टकराई। टक्कर के बाद कार रेलिंग पार कर दूसरी दिशा से आ रही इनोवा से जा भिड़ी। स्विफ्ट कार को 32 वर्षीय आशुतोष पांडे चला रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे। दूसरी ओर, इनोवा में किराड़ी विधायक अनिल झा और कर्नाटक विधायक अभय पाटिल सवार थे।
दोनों विधायकों को भी आई चोट
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार सभी छह लोगों को चोटें आईं। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल LNJP अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल स्थिर है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटाया गया। पुलिस ने मौके की जांच करने के साथ हादसे के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में स्विफ्ट कार के डिवाइडर से टकराने के बाद रेलिंग पार कर इनोवा से भिड़ने की बात सामने आई है।
कौन हैं AAP विधायक अनिल झा?
अनिल झा दिल्ली की किराड़ी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। उन्होंने 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बजरंग शुक्ला को 21,871 वोटों के अंतर से हराया था। चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनकी घोषित संपत्ति करीब 4.33 करोड़ रुपये थी।
चार बार विधायक चुने जा चुके हैं अभय पाटिल
कर्नाटक के भाजपा विधायक अभय पाटिल बेलगावी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह 2023 में लगातार चौथी बार विधायक चुने गए। इससे पहले भी वह 2004-07, 2008-13 और 2018-23 के दौरान विधायक रह चुके हैं। दिल्ली ITO हादसे के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल सभी छह घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।