• Mon. Oct 5th, 2026

अनंत सिंह की शिकायतों पर बोले ललन सिंह- पार्टी के साथ थे, हैं और रहेंगे: विवाद के बीच नहीं मांगेंगे वोट

पटना। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जदयू नेताओं की ओर से नीरज कुमार के नामांकन और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने आज अनंत सिंह से बातचीत की है। अनंत सिंह की कुछ शिकायतें और मुद्दे हैं, जिन्हें उन्होंने पार्टी के सामने भी रखा है।

अविश्वास प्रस्ताव के दौरान समर्थन का किया जिक्र

ललन सिंह ने बताया कि अनंत सिंह का कहना है कि जब सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया था, उस समय जदयू के कई नेताओं ने उनसे सरकार के समर्थन का आग्रह किया था। उन्होंने नीतीश कुमार के सम्मान में सरकार के पक्ष में समर्थन किया, क्योंकि उन्हें लगा कि नीतीश कुमार की सरकार नहीं जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इसके बाद जब अनंत सिंह नीतीश कुमार से मिलने गए तो उनसे मोकामा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए कहा गया। अनंत सिंह चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन उस दौरान भी कई तरह की बातें सामने आने लगीं।

कार्रवाई नहीं होने पर जताई नाराजगी

ललन सिंह ने कहा कि जब अनंत सिंह के खिलाफ प्रचार किया जा रहा था, तब पार्टी को कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं की गई। बाद में बुलाई गई पार्टी की बैठक में वह स्वयं शामिल हुए और उन्होंने एक-एक शिकायत पार्टी के सामने रखी।

उन्होंने कहा कि जब उनकी उम्मीदवारी के विरोध में लोग सामने आए तो पार्टी का अनुशासन समाप्त हो गया। इसी वजह से वह संबंधित लोगों के लिए वोट नहीं मांगेंगे। हालांकि उन्होंने अनंत सिंह से सार्वजनिक बयान नहीं देने का आग्रह किया है और अनंत सिंह इसके लिए सहमत भी हुए हैं।

बोले- जदयू के साथ थे और रहेंगे

ललन सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका पार्टी से कोई अलगाव नहीं है। उन्होंने कहा, हम पार्टी के साथ थे, पार्टी के साथ हैं और रहेंगे।

Leave a Reply