अयोध्या। मिशन शक्ति को और व्यापक एवं मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार ने इसके चौथे चरण का सुभारम्भ कर दिया है। महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा सम्मान एवं स्वालंबन के लिए व जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं का सम्मान बढ़े इसको लेकर जनपद में शनिवार को महिला सशक्तिकरण रैली का आयोजन किया गया। डीएम नीतीश कुमार ने बताया कि हमारे समाज के लोग अंतरमन से स्वीकार करें कि महिलाओं की हर क्षेत्र में भागीदारी हो। जब महिला शिक्षित होगी तो परिवार भी शिक्षित होगा। उनमें आत्म सुरक्षा की भावना को बढ़ावा देना होगा।
अयोध्या पुलिस लाइन में नारी सशक्तिकरण मिशन शक्ति के चौथे चरण के अभियान की शुरुआत हुई। इस मौके पर पुलिस लाइन में आईजी प्रवीण कुमार, डीएम नितीश कुमार व एसएसपी राज करण नैयर ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। पिंक स्कूटी पर सवार महिला पुलिस कर्मियों ने शहर में रैली निकाली। रैली में डायल 112 की गाड़ियां भी मौजूद रहीं। नवरात्रि के पर्व पर मां शक्ति की उपासना के दौरान बेटियों को जागरूक करने के उद्देश्य से महिला पुलिसकर्मीयो ने रैली निकाली।
पुलिस लाइन से प्रारंभ हुई रैली जीआईसी फ्लाईओवर ब्रिज से मक़बरा, फतेहगंज होते हुए चौक पहुंची। वहां से रीडगंज होकर रैली दोबारा चौधरी पहुंची जहां नुक्कड़ सभा आयोजित की गई। सभा के माध्यम से नारी सशक्तिकरण का पैगाम दिया गया। नुक्कड़ सभा के बाद रैली आगे बढ़ते हुए रिकाबगंज चौराहा, पुष्पराज चौराहा होते हुए दोबारा पुलिस लाइन पहुंच कर समाप्त हुई।
