• Tue. Sep 29th, 2026

कटारिया ने राष्ट्रपति समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात, पंजाब-चंडीगढ़ के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

नई दिल्ली। पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और कई केंद्रीय मंत्रियों से सिलसिलेवार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पंजाब और चंडीगढ़ के विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बैठकों में नशा मुक्ति, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा, बाढ़ प्रबंधन और सांस्कृतिक विकास सहित कई विषयों पर चर्चा हुई।

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को दिसंबर में पंजाब के फाजिल्का जिले स्थित असाफवाला युद्ध स्मारक पर आयोजित होने वाले विजय दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

उपराष्ट्रपति से पंजाब विश्वविद्यालय को लेकर चर्चा

इससे पहले कटारिया ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की। बैठक में पंजाब विश्वविद्यालय को देश की नंबर एक यूनिवर्सिटी बनाने और वहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) केंद्र स्थापित करने के लक्ष्य पर चर्चा हुई। यह वही प्रस्ताव है, जिस पर उपराष्ट्रपति ने अपनी हालिया चंडीगढ़ यात्रा के दौरान सहयोग का भरोसा दिया था।

अमित शाह से नशा मुक्ति और पुनर्वास पर मंथन

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के साथ बैठक में चंडीगढ़ को नशा-मुक्त बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ। राज्यपाल ने नशे की गिरफ्त में आए लोगों के पुनर्वास के साथ उन्हें कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि पुनर्वास के बाद प्रभावित लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें नया जीवन शुरू करने का अवसर दिया जाना जरूरी है।

मेडिकल कॉलेज में 36 पीजी सीटों की मांग

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के साथ बैठक में राज्यपाल ने मेडिकल कॉलेज में पोस्ट ग्रेजुएट की 36 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की मांग रखी। इसके साथ ही ‘चंडीगढ़ रीजनल मेडिकल हब’ परियोजना को पूरी तरह सरकारी खर्च से विकसित करने के लिए केंद्र से 2,000 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

पीईसी को केंद्र पोषित संस्थान बनाने की मांग

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी से मुलाकात के दौरान कटारिया ने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) को पश्चिम बंगाल के बंगाल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, शिबपुर की तर्ज पर पूरी तरह केंद्र पोषित संस्थान बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने यूजीसी नियम-2018 के तहत वर्तमान में डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा प्राप्त पीईसी के लिए कुलपति की नियुक्ति किए जाने की भी मांग की।

रावी की बाढ़ से हुए नुकसान का मुद्दा उठाया

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के साथ बैठक में राज्यपाल ने रावी नदी में आई बाढ़ से अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट के सीमावर्ती क्षेत्रों में हुए नुकसान का मुद्दा उठाया। उन्होंने बार-बार आने वाली बाढ़ से स्थायी राहत के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करने और प्रभावी बाढ़ प्रबंधन उपाय लागू करने की मांग की।

अज्ज सरोवर और डिजिटल म्यूजियम के लिए स्वीकृति पर जताया आभार

कटारिया ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का भी आभार जताया। उन्होंने खरड़ में ‘अज्ज सरोवर’ के लिए 93 करोड़ रुपये तथा चंडीगढ़ के सेक्टर-19 स्थित ले कोर्बुसिए केंद्र में डिजिटल म्यूजियम के निर्माण के लिए करीब 19 करोड़ रुपये मंजूर किए जाने का उल्लेख किया।

राज्यपाल की इन बैठकों का उद्देश्य केंद्र सरकार के साथ समन्वय को और मजबूत करना तथा पंजाब एवं चंडीगढ़ में जनकल्याण और विकास से जुड़ी योजनाओं को गति देना रहा।

Leave a Reply