• Fri. Aug 28th, 2026

रक्षाबंधन पर सीएम योगी की कलाई पर सजी स्नेह की डोर, बेटियों ने बांधी राखी: बोले- सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता

लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री आवास का माहौल उस समय भावनाओं और अपनत्व से भर उठा, जब स्कूली बेटियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का रिश्ता मजबूत किया। शुक्रवार को आयोजित ‘बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ स्नेह बंधन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बच्चियों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

राखी बांधने आईं बेटियों के चेहरों पर मुख्यमंत्री के प्रति स्नेह और विश्वास साफ दिखाई दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बच्चियों के साथ सहज अंदाज में बातचीत की, उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उनके सवालों के जवाब दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बेटियों को उपहार भी प्रदान किए।

रक्षाबंधन सिर्फ पर्व नहीं, प्रेम और जिम्मेदारी का प्रतीक : सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं है। यह श्रद्धा, प्रेम, विश्वास, जिम्मेदारी और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बहनों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। बेटियां परिवार के साथ-साथ प्रदेश और देश की भी शक्ति हैं। उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देना और उनके सपनों को उड़ान देना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने बच्चियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उनकी शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।

राखी में दिखा स्नेह, सीएम ने दिया सुरक्षा और सम्मान का भरोसा

कार्यक्रम में छात्राओं ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने भी बच्चियों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रक्षाबंधन के इस आयोजन में राखी का पवित्र धागा केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति सामाजिक संकल्प का संदेश भी देता नजर आया।

कई विद्यालयों की छात्राएं हुईं शामिल

‘बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मलिहाबाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर गोसाईगंज, भारत स्काउट एंड गाइड्स, द संस्कृति स्कूल, अटल आवासीय विद्यालय मोहनलालगंज, एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज और लखनऊ पब्लिक कॉलेज ए-ब्लॉक राजाजीपुरम सहित कई विद्यालयों की छात्राएं शामिल हुईं। अद्रिका, अर्पिता, अंशिका, जाह्नवी, अंकिता, कोमल, आरोही, खुशी, दिव्या, अनायसा, स्तुति और तंजीम फातिमा समेत छात्राओं ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

बच्चियों ने सीएम से पूछे सवाल, अनायसा को मिला ऑटोग्राफ

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से खुलकर संवाद किया। शैल कुमारी, अनन्या, समृद्धि वर्मा, आयशा बानो, वैष्णवी पाल, दिव्या, अभिलाषा सिंह, आराध्या, श्रेयसी, सृजा, अग्रिमा, माही, याशिका, अनंशी और सुकैना समेत छात्राओं ने मुख्यमंत्री से विभिन्न सवाल पूछे। मुख्यमंत्री ने बच्चियों के सवालों का जवाब दिया और उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान संस्कृति स्कूल की छात्रा अनायसा भार्गव को मुख्यमंत्री ने ऑटोग्राफ भी दिया।

सीएम योगी ने बच्चियों संग ली सेल्फी

रक्षाबंधन समारोह का सबसे आत्मीय पल उस समय देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री ने बच्चियों के साथ सेल्फी ली और उनके साथ फोटो खिंचवाई। मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर लेने को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह नजर आया। उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर की कक्षा आठ की छात्रा नंदिनी ने अपने हाथों से बनाया रक्षाबंधन बधाई कार्ड मुख्यमंत्री को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कार्ड की सराहना करते हुए नंदिनी की हौसलाअफजाई की।

बिटिया और बहना-यूपी का गहना’ बना स्नेह और विश्वास का संदेश

मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित यह कार्यक्रम रक्षाबंधन के पारंपरिक उत्सव से आगे बढ़कर बेटियों के प्रति सम्मान और उनके सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का संदेश देता नजर आया। बच्चियों की राखी और मुख्यमंत्री का आशीर्वाद कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह के साथ सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की भावना को भी मजबूत करता दिखा।

Leave a Reply