• Mon. Sep 28th, 2026

फतेहपुर में मकान में जोरदार विस्फोट, चार की मौत: तीन घायल

फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक मकान में हुए जोरदार विस्फोट से सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को तत्काल ठाकुर जोधा सिंह अटैया मेडिकल कॉलेज, फतेहपुर में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों का इलाज चल रहा है। शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में हादसे को रसोई गैस सिलिंडर विस्फोट से जोड़ा गया है, हालांकि विस्फोट के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार शाम करीब 5:30 बजे सुरेश गुप्ता पुत्र मोती लाल गुप्ता के घर में हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि मकान को भारी नुकसान पहुंचा और आसपास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

हादसे में कुणाल गुप्ता (18), अर्पित गुप्ता (15), यश गुप्ता (7) और वेद गुप्ता (8) की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं घायलों में आलोक गुप्ता (25) की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य दो घायलों का भी मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी फतेहपुर, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। मेडिकल कॉलेज में भी अधिकारियों ने पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली।

प्रशासन और पुलिस की टीमें मलबे तथा घटनास्थल की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार राहत और बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। विस्फोट के कारणों तथा हादसे में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply