• Fri. Oct 9th, 2026

प्रेमानंद महाराज के सत्संग का वीडियो चर्चा में, बोले- प्रतिकूलता, अपमान और निंदा भी भगवान की सुगंध देने वाले पुष्प

वृंदावन। साधक रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद संत प्रेमानंद महाराज के सत्संग का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में संत प्रेमानंद महाराज भक्ति के मार्ग, विपरीत परिस्थितियों और निंदा को लेकर बात करते नजर आ रहे हैं। उनके इस कथन को हालिया विवाद और उनके खिलाफ उठे सवालों से जोड़कर देखा जा रहा है।

सत्संग में संत प्रेमानंद महाराज कहते हैं कि भगवान की भक्ति का मार्ग विचित्र मार्ग है। इस मार्ग पर चलने वाले उपासक को सबसे पहले धैर्यवान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भक्ति के रास्ते में साधक को कई तरह की प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि प्रतिकूलता, अपमान और निंदा ऐसे पुष्प हैं, जो भगवान की सुगंध देते हैं। यदि कोई व्यक्ति इन परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखता है तो उसकी भक्ति और मजबूत होती है।

संत प्रेमानंद महाराज ने संकेतों में कहा कि भगवान के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति को लोगों की बातों और आलोचनाओं से विचलित नहीं होना चाहिए। साधक का ध्यान बाहरी परिस्थितियों के बजाय अपने आराध्य और भक्ति पर होना चाहिए।

सत्संग का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब संत प्रेमानंद महाराज को लेकर सोशल मीडिया पर विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, वीडियो में उन्होंने किसी व्यक्ति या विवाद का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया है। उनके कथनों को सोशल मीडिया पर उनके समर्थक इशारों-इशारों में दिया गया जवाब बता रहे हैं।

Leave a Reply