• Thu. Sep 10th, 2026

शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर सपा प्रत्याशी कमलेश यादव ने गोंडा में किया जनसंपर्क

गोंडा। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश यादव ने शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर गोंडा जिले में व्यापक जनसंपर्क किया। शिक्षक एमएलसी निर्वाचन प्रभारी एवं समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश महासचिव तथा देवीपाटन मंडल प्रभारी प्रो. मंशाराम वर्मा के नेतृत्व में उन्होंने विभिन्न महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों और शिक्षकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आगामी निर्वाचन में अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।

कमलेश यादव ने कहा कि करीब 10 वर्षों से शिक्षकों की अनेक समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। शिक्षकों के सामने सेवा अवधि और रोजगार से जुड़े संकट खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को शिक्षण कार्य के अलावा लगातार गैर शैक्षणिक कार्यों का बोझ दिया जा रहा है। पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर नई पेंशन योजना लागू किए जाने से सेवानिवृत्ति के बाद जीवनयापन को लेकर भी शिक्षकों में चिंता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का वादा कर वोट लेने वाले लोग बाद में सरकार के साथ खड़े हो गए और शिक्षकों की समस्याओं को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिली।

सपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

समाजवादी पार्टी के शिक्षक एमएलसी निर्वाचन प्रभारी प्रो. मंशाराम वर्मा ने कहा कि शिक्षकों को आज जो कई सुविधाएं मिल रही हैं, उनमें समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सेवा में आयु सीमा 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष किए जाने, शिक्षामित्रों के समायोजन, ट्रेजरी के माध्यम से महीने के प्रथम सप्ताह में वेतन भुगतान, मदरसा शिक्षकों के मानदेय में वृद्धि, मृतक आश्रितों को योग्यता के आधार पर सेवायोजन, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने तथा माध्यमिक शिक्षकों के समायोजन और विद्यालयों को अनुदान पर लाने जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख किया।

समाजवादी शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष बिपिन चंद्र वर्मा ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सरकार की प्राथमिकता में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब बच्चों की पढ़ाई वाले विद्यालयों को बंद किया जा रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

महाविद्यालयों और इंटर कॉलेजों में की मुलाकात

समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश सचिव डॉ. पुनीत कुमार कनौजिया ने लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में शिक्षकों से मुलाकात कर सपा प्रत्याशी कमलेश यादव के पक्ष में मतदान की अपील की।

शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह (टामसन) इंटर कॉलेज में भी शिक्षकों की बैठक हुई। यहां शिक्षकों ने कमलेश यादव के पक्ष में मतदान का आश्वासन दिया। अध्यापक श्रीश चंद्र ने शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सपा प्रत्याशी के समर्थन की प्रतिबद्धता जताई।

कमलेश यादव ने फखरुद्दीन अली अहमद राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षकों से भी संपर्क कर समर्थन मांगा। इसके अलावा गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज और मदरसा शिक्षकों से भी जनसंपर्क किया गया। मदरसा शिक्षकों ने सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने पर सहमति जताई।

गौरा विधानसभा में भी हुई शिक्षकों की बैठक

गोंडा शहर के बाद गौरा विधानसभा क्षेत्र में डॉ. राकेश कुमार के नेतृत्व और हाफिज मलिक की अध्यक्षता में शिक्षकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मौजूद शिक्षकों ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी कमलेश यादव के पक्ष में मतदान करने का संकल्प लिया।

जनसंपर्क के दौरान प्रोफेसर संदीप श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश कुमार वर्मा, डॉ. नीरज यादव, डॉ. परवेज आलम, डॉ. अजीत कुमार मिश्रा, डॉ. अरुण प्रताप सिंह, डॉ. मनोज मिश्रा, डॉ. माला सिंह, प्रोफेसर संजय कुमार पांडेय, डॉ. पुष्यमित्र मिश्रा, प्रोफेसर अभय कुमार श्रीवास्तव, डॉ. सीसीएचएनके श्रीनिवास राव, डॉ. ओम प्रकाश यादव, प्रोफेसर शशिबाला, राजीव मिश्रा, राधेश्याम सोनकर, बीएस मिश्रा, मोहिब अंसारी, राम बलराम, जगतनारायण यादव, लालचंद चौधरी, मनीराम, मेजर राजेश द्विवेदी, डॉ. हरिराम और शिव शंकर यादव समेत अन्य शिक्षकों से संपर्क किया गया।

गौरा विधानसभा में वित्त विहीन महिला शिक्षक संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रीता चौधरी भी मौजूद रहीं। शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर सपा ने इस क्षेत्र में संगठनात्मक स्तर पर जनसंपर्क तेज कर दिया है। अगस्त 2026 में पार्टी ने गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अपने प्रत्याशी कमलेश यादव के समर्थन में विभिन्न जिलों के लिए प्रभारियों की नियुक्तियां भी की थीं।

Leave a Reply