लखनऊ। फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान फिल्म के निर्माता, निर्देशक और प्रमुख कलाकार मौजूद रहे। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और मुख्य अभिनेता शोभिनव ने मुख्यमंत्री को फिल्म की कहानी, विषयवस्तु और उसकी आध्यात्मिक पृष्ठभूमि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म में शामिल गुरु गोरखनाथ जी की पावन पंक्तियों और नाथ संप्रदाय से जुड़े महत्वपूर्ण दृश्यों को भी देखा। फिल्म की टीम ने इसके निर्माण, शोध और कहानी से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी।
बाबा नीब करौरी और नाथ संप्रदाय के प्रसंगों का चित्रण
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि ‘हनुमान अंश’ में परम पूज्य बाबा नीब करौरी (नीम करौली बाबा) के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में बाबा नीब करौरी और नाथ संप्रदाय के सिद्ध संतों के बीच हुई ऐतिहासिक मुलाकातों को भी विशेष रूप से दर्शाया गया है।
फिल्म की टीम के अनुसार, शोध के दौरान सामने आए आध्यात्मिक प्रसंगों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है। बताया गया कि बाबा नीब करौरी के शुरुआती आध्यात्मिक जीवन में नाथ संप्रदाय के संतों का सान्निध्य रहा था। फिल्म में इसी आध्यात्मिक यात्रा और हनुमान भक्ति से जुड़े पहलुओं को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
सीएम योगी ने सराहा फिल्म टीम का प्रयास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म के विषय और इसके निर्माण से जुड़े प्रयासों की सराहना की। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे विषयों पर काम करना भारतीय आध्यात्मिक और संत परंपरा के महत्वपूर्ण पहलुओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बन सकता है। फिल्म की टीम ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘हनुमान अंश’ प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी के जीवन, आध्यात्मिक यात्रा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी गहरी भक्ति पर आधारित है।
दर्शकों के बीच मिल रहा समर्थन
कम बजट में तैयार की गई इस फिल्म को दर्शकों की ओर से अच्छा समर्थन मिलने का दावा फिल्म की टीम ने किया है। फिल्म में आध्यात्मिक प्रसंगों, संत परंपरा और बाबा नीब करौरी की हनुमान भक्ति को केंद्र में रखते हुए कहानी को आगे बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद फिल्म की टीम ने इसे उत्साह बढ़ाने वाला अनुभव बताया। टीम का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिली शुभकामनाएं फिल्म से जुड़े कलाकारों और निर्माण टीम के लिए प्रेरणादायी हैं।