गोंडा। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के प्रांगण में राज्य स्तरीय दो दिवसीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन 10 अक्टूबर एवं 11 अक्टूबर 2023 को विश्वविद्यालय के प्रांगण में किया जाएगा। किसान मेला में कृषि प्रदर्शनी में मोटे अनाजों की खेती, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, मत्स्य पालन मधुमक्खी पालन मुर्गी पालन आदि विषयों पर जानकारी दी जाएगी। किसान गोष्ठी में गेहूं की वैज्ञानिक खेती, शरद कालीन गन्ना की खेती, दलहन एवं तिलहन की खेती, आलू की वैज्ञानिक खेती, केला की खेती आदि विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
किसान प्रश्नोत्तरी का आयोजन कर कृषकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। किसान मेले का उद्घाटन श्रीयुत संजीव बालियान माननीय राज्यमंत्री पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन भारत सरकार द्वारा किया जाएगा । यह जानकारी कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉक्टर पीके मिश्रा ने दी।