• Tue. Aug 25th, 2026

युवती ने जागरण दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा पर फेंका काला कपड़ा, लगाए इस्लामिक और देश विरोधी नारे

बस्ती। जनपद के परशुरामपुर थाना क्षेत्र के चौरी बाजार में सोमवार की देर रात सिंह वाहिनी दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित देवी जागरण कार्यक्रम के दौरान एक विशेष समुदाय की युवती नकाब पहनकर मंच पर चढ़ कर दुर्गा प्रतिमा पर काला कपड़ा फेंका और गायक से माइक छीन इस्लाम जिंदाबाद और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने लगी।

आयोजकों की माने तो रात करीब दो बजे मंच पर चढ़ी युवती ने दुर्गा प्रतिमा पर काला कपड़ा फेंक कर गायक से माइक छीन लिया। इसके बाद इस्लाम जिंदाबाद और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने लगी। जिससे पंडाल में अफरा-तफरी मच गई।माहौल बिगड़ता देख आनन फानन में आयोजकों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

नाराज लोगों ने लगाए प्रशासन मुर्दाबाद के नारे

घटना के बाद नाराज लोगों ने मंगलवार की सुबह चौरी बाजार में मसकनवा सिकंदरपुर मार्ग पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद पुलिस नहीं पहुंची।जाम की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जा पहुंचे और नारेबाजी कर रहे लोगों को समझाने लगे। आक्रोशित लोग घटना में शामिल युवती व उसके परिवार वालों को गिरफ्तार करने की मांग पर डटे रहे।

भीड़ हटाने के लिए किया गया पुलिस बल का प्रयोग

लोगों का कहना है कि घटना के दौरान समुदाय विशेष के करीब आधा दर्जन लोग पंडाल के आसपास खड़े रहे, मगर युवती को किसी ने नहीं रोका। नाराज लोग जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के आने पर ही जाम हटाने की बात कहने लगे।

इसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया, लेकिन फिर भी प्रदर्शन कर रहे लोग नहीं माने।पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई, जिसमें चौरी बाजार निवासी सूरज श्रीवास्तव घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई है।

सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्रैया शेषमणि उपाध्याय ने मोर्चा सम्हाला वहीं थोड़ी देर बाद पहुंचे अपर जिलाधिकारी कमलेश व अपर पुलिस अधीक्षक दीपेन्द्र नाथ चौधरी के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया।

वहीं परशुरामपुर पुलिस ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मामले में नौ लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कार्यवाही की है। प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर यादव ने बताया के मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूंछतांछ की जा रही है।

Leave a Reply