आगरा। योगी सरकार द्वारा पर्यटन सुविधाओं में लगातार इजाफा किया जा रहा है। इसी कड़ी में ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए ताजमहल पर टिकट वेंडिंग मशीन लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा पांच जगहों पर टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। शिल्पग्राम, ताज पूर्वी गेट व पश्चिमी गेट स्थित टिकट विंडो, नीम तिराहा और पश्चिमी गेट पार्किंग में टिकट वेंडिंग मशीनें लगेंगी। साथ ही पर्यटकों की सुविधा को टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर बनाए जाएंगे।
एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़ ने बताया कि सरकार के निर्देश पर ताजमहल व अन्य स्मारकों पर पर्यटन सुविधाओं में लगातार इजाफा किया जा रहा है। अतिथि देवो भव: के भाव के साथ आगरा विकास प्राधिकरण अन्य विभागों के साथ मिलकर पर्यटकों को सुरक्षित माहौल में ताज व अन्य स्मारकों का दर्शन करा रहा है। उन्होंने बताया कि ताजमहल पर टिकट वेंडिंग मशीन व वाटर एटीएम लगाने, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर बनाने के लिए अधिकारियों के संग निरीक्षण कर जगह चिह्नित कर ली गई है। टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर शिल्पग्राम व पश्चिमी गेट पार्किंग और आगरा किला पर बनाए जाएंगे। पश्चिमी गेट पार्किंग में पार्क वाले क्षेत्र में टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर विकसित किया जाएगा। यहां वर्तमान में दोपहिया वाहन खड़े होते हैं। पार्क की चारों और से बैरिकेडिंग की जाएगी, जिससे कि वहां वाहन खड़े नहीं हो सकें।
एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़ ने बताया कि 20 अक्टूबर को इसके लिए टेंडर खुलेगा। एक माह के अंदर ताजमहल पर टिकट वेंडिंग मशीन लगा दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि ताजमहल की पश्चिमी गेट पार्किंग में एडीए द्वारा गाइडों के बैठने के लिए कैनोपी की व्यवस्था करा दी गई। पूर्वी गेट पर भी गाइडों के बैठने की जल्द ही व्यवस्था कर दी जाएगी।