• Tue. Aug 25th, 2026

बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर बवाल, पुलिस पर पथराव, CO समेत कई पुलिसकर्मी घायल

बदायूं। जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद हो गया। प्रतिमा लगाने को लेकर शुरू हुई नोकझोंक देखते ही देखते हंगामे में बदल गई। मौके पर जुटी भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना में सीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पथराव के दौरान एक कांस्टेबल के सिर में चोट लगने की भी जानकारी सामने आई है। उपद्रवियों ने पुलिस की करीब चार गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। एक एंबुलेंस को भी नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रतिमा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे फैजगंज बेहटा क्षेत्र में आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों के बीच नोकझोंक बढ़ गई। कुछ ही देर में भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया गया।

पथराव में CO समेत कई पुलिसकर्मी घायल

अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ की ओर से लगातार पत्थरबाजी की गई। इसमें क्षेत्राधिकारी (CO) समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।एक कांस्टेबल के सिर में चोट आने की भी सूचना है। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस की चार गाड़ियों में तोड़फोड़

उपद्रव के दौरान भीड़ ने पुलिस के वाहनों को भी निशाना बनाया। करीब चार पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा एक एंबुलेंस को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। हालात बिगड़ने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

उपद्रवियों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों के निर्देश पर पथराव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply