अयोध्या। शहर की नवीन मंडी स्थित हरि ओम मेहंदी रीना ब्यूटी पार्लर में रविवार को मेहंदी प्रतियोगिता का रंगारंग आयोजन किया गया। पार्लर के संचालक हरि ओम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 40 महिलाओं ने भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। हरि ओम ने बताया कि यह प्रतियोगिता पिछले 10 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं को एक निशुल्क मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी रचनात्मकता को बिना किसी शुल्क के प्रस्तुत कर सकें।
45 मिनट में रचाई कला की छाप
रविवार को आयोजित प्रतियोगिता में 45 मिनट की समयसीमा तय की गई थी। प्रतिभागी महिलाओं ने पारंपरिक और आधुनिक दोनों प्रकार की डिज़ाइनों में मेहंदी रचाई, जिसे देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो उठे। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास को बढ़ाना और उनकी कला को पहचान देना भी था। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में बीते वर्षों से प्रिया प्रजापति, छाया, सलोनी, पलक, पारुल, अनुराधा, उर्वशी, सरिता, गुंजा और प्रीति जैसे सहयोगियों का निरंतर योगदान रहा है।
इस वर्ष की प्रतियोगिता में रंगोली, साधना, आँसू, दिव्या शर्मा, रुचि, सलोनी, अंशिका, पंकज, शालू वर्मा समेत कई महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के मंच महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक भागीदारी को मजबूती देते हैं।