• Thu. Sep 24th, 2026

Yamuna Expressway Bus Fire: चलती स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत: सीएम योगी ने जताया दुख, दिए मदद के निर्देश

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात चलती स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। जेवर थाना क्षेत्र में हुए इस अग्निकांड में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा एक्सप्रेसवे के करीब 33 किलोमीटर के पास हुआ। घटना के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे।

आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। पुलिस और दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और हादसे की जांच की जा रही है।

सीएम योगी ने जताया गहरा दुख

हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दुख जताया। उन्होंने लिखा “यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

मुख्यमंत्री ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। घायलों के उपचार और उनकी सहायता के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

आग लगने की वजह की जांच जारी

पुलिस की शुरुआती जांच में बस के एसी सिस्टम में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह अभी जांच का विषय है। कुछ यात्रियों की ओर से चालक और परिचालक पर लापरवाही के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद प्रशासन ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply