लखनऊ। नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने नेपाल में फंसे प्रदेशवासियों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राहत आयुक्त कार्यालय ने राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। सरकार ने नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों की जानकारी जुटाने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय और नेपाल दूतावास से भी संपर्क साधा है।
राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, नेपाल में यदि कोई उत्तर प्रदेश का नागरिक फंसा है या उसे किसी तरह की सहायता की जरूरत है, तो उसके परिजन तत्काल 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। सरकार का प्रयास है कि नेपाल में फंसे नागरिकों की जानकारी प्राप्त कर उन्हें सुरक्षित निकालने और जरूरत के अनुसार सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा सके।
दूतावासों से मांगी जा रही यूपी के नागरिकों की जानकारी
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राहत आयुक्त कार्यालय ने भारतीय और नेपाल दूतावासों से संपर्क किया है। दोनों दूतावासों से नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों से संबंधित जानकारी मिलने पर उसे तत्काल यूपी राहत आयुक्त कार्यालय के साथ साझा करने को कहा गया है। इससे संबंधित लोगों तक राहत और आवश्यक सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी।सरकार ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि नेपाल में फंसे अपने परिजनों की सूचना बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1070 पर उपलब्ध कराएं।
महाराजगंज और कुशीनगर में बढ़ाई गई निगरानी
नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी की बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों महाराजगंज और कुशीनगर में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुई तबाही को चिंताजनक बताते हुए दोनों जिलों के प्रशासन को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के साथ संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने नेपाल में फंसे सभी लोगों की सकुशल वापसी की कामना की है।