• Mon. Aug 24th, 2026

सीएम योगी का राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला, बोले- भारत की विरासत से खिलवाड़ न करें, अयोध्या में ‘दोहरे आचरण’ पर भी साधा निशाना

रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता और रायबरेली सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भारतीय परंपरा, विरासत और मनुस्मृति को लेकर राहुल गांधी के कथित बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को विस्मृत करता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता। उन्होंने कहा कि भारत की परंपरा और मूल्यों को भुलाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में महिलाओं को मनुस्मृति के बंधन से बाहर निकलने की बात कही थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के रूप में देश उनसे भले ही बहुत अपेक्षा न करता हो, लेकिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते उनकी जिम्मेदारी और जवाबदेही है।

‘संविधान की शपथ ली है, भारत की विरासत को कोसना अधिकार न समझें’

सीएम योगी ने कहा कि राहुल गांधी ने संविधान की शपथ ली है, लेकिन इसके बावजूद भारत की परंपरा और विरासत को कोसना अपना अधिकार समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के बाहर जाकर यूपी को लांछित किया जाता है और देश के बाहर भारत की छवि पर सवाल खड़े किए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने सेना और आतंकवाद के मुद्दे पर भी राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने कहा कि जब भारतीय सेना सीमाओं पर देश की रक्षा करती है तो सेना से प्रमाण मांगा जाता है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई में देशविरोधी तत्वों को प्रोत्साहन देने का भी आरोप लगाया।

‘मनु को जानना है तो अथर्ववेद और मत्स्य पुराण पढ़िए’

मनुस्मृति के मुद्दे पर सीएम योगी ने कहा कि भारतीय परंपरा को समझने के लिए मूल ग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा, “मनु को जानना है तो अथर्ववेद पढ़िए, मत्स्य पुराण पढ़िए, सारी जानकारी मिल जाएगी।” उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम के अस्तित्व को लेकर कांग्रेस के पुराने रुख का भी जिक्र किया और कहा कि लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस की निष्ठा का उदाहरण देश ने 1975 के आपातकाल के दौरान देखा है।

‘भारत की वर्तमान पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ क्यों?’

सीएम योगी ने कहा कि जिम्मेदार विपक्ष से सकारात्मक भूमिका की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की वर्तमान पीढ़ी के भविष्य और भारत की विरासत के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने रायबरेली और अमेठी में परिवारवाद की राजनीति को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में लंबे समय तक एक परिवार का प्रभाव रहा, लेकिन स्थानीय महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को वह पहचान नहीं मिली जिसके वे हकदार थे। उन्होंने राणा बेनी माधव बख्श सिंह और वीरा पासी जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का उल्लेख किया।

अयोध्या में कांग्रेस के ‘मछली भोज’ को लेकर भी बरसे CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से जुड़े कथित मछली भोज को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर धार्मिक आस्था को लेकर दोहरा आचरण अपनाने का आरोप लगाया। सीएम योगी ने कहा कि एक ओर कांग्रेस नेता अयोध्या में हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन करते हैं और दूसरी ओर बाहर जाकर मछली भोज में शामिल होते हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि मछली का सेवन करना था तो अयोध्या के बाहर जाकर भी किया जा सकता था।

कांग्रेस का दोहरा आचरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के इस कथित व्यवहार से उनके आचरण में विरोधाभास दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि एक तरफ मंदिर में जाकर धार्मिक आस्था का प्रदर्शन और दूसरी तरफ अलग तरह की गतिविधियां कांग्रेस के दोहरे आचरण को दिखाती हैं। सीएम योगी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पुराने राजनीतिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए माफिया और अपराध के मुद्दे पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में माफिया को संरक्षण मिलता था।

सरकार ने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद अपराध और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई और उत्तर प्रदेश को अपराध के पुराने दौर से बाहर निकालने का काम किया।

Leave a Reply