• Sat. Aug 29th, 2026

देवरिया में सीएम योगी का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- ‘बबुआ’ 12 बजे सोकर उठते हैं, जल्द एक लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी

देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देवरिया के सलेमपुर और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्रों को 305 करोड़ रुपये की 80 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा की कार्यप्रणाली, पूर्ववर्ती सरकारों में भर्ती व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर कई आरोप लगाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार और सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही प्रदेश में करीब एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इनमें होमगार्ड, पुलिसकर्मी, उपनिरीक्षक और विभिन्न विभागों में नियुक्तियां शामिल होंगी।

अखिलेश यादव पर CM योगी का तंज- ‘बबुआ’ 12 बजे सोकर उठते हैं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के ‘बबुआ’ दोपहर 12 बजे सोकर उठते हैं, जिससे उनका दिमाग भारी रहता है और वह झुंझलाते हैं। मुख्यमंत्री ने मीडिया से व्यवहार को लेकर भी सपा प्रमुख पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और जब सरकार या प्रशासन गलत करता है तो मीडिया उसका ध्यान आकर्षित करता है। मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव से जुड़े एक पुराने विवाद का भी जिक्र किया और कहा कि मीडिया द्वारा सच्चाई सामने लाने पर पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

सपा को बताया ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को परिवार केंद्रित पार्टी बताते हुए कहा कि सपा एक तरह की ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ है, जिसमें एक ही परिवार के लोग प्रमुख भूमिका में हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में एक ही परिवार के कई सांसद होने को लेकर खुद सपा नेतृत्व गर्व करता है। सीएम ने कहा कि सपा को अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर आत्ममंथन करना चाहिए और चेतावनी दी कि उसका हाल भी जनता दल जैसा हो सकता है।

जेपीएनआईसी को लेकर सपा पर भ्रष्टाचार के आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि परियोजना की शुरुआती लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन सपा सरकार के दौरान इस पर करीब 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद काम अधूरा रह गया। सीएम ने आरोप लगाया कि यह जनता का पैसा था और इसका इस्तेमाल सरकारी हितों के बजाय निजी लाभ के लिए करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद परियोजना को लखनऊ विकास प्राधिकरण को सौंपा गया और मामले की जांच कराई गई।मुख्यमंत्री ने सपा नेतृत्व से इस मामले में जनता से माफी मांगने की मांग भी की।

जल्द एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि जल्द ही करीब एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि लगभग 45 हजार होमगार्ड और 36 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इनमें करीब चार हजार सब इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से विभिन्न विभागों में करीब 30 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की भर्ती का भी जिक्र किया और कहा कि यूपीटीईटी में सफल अभ्यर्थियों की भर्ती के लिए अधियाचन भेजा जा चुका है और जल्द विज्ञापन जारी होगा।

युवाओं को मिलेंगे टैबलेट, 25 लाख का नया ऑर्डर

सीएम योगी ने कहा कि सरकार युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए टैबलेट उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 50 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट दिए जा चुके हैं और 25 लाख टैबलेट का नया ऑर्डर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भी टैबलेट दिए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर युवाओं को डिजिटल एंटरप्रेन्योर के रूप में अवसर देने की दिशा में काम किया जा रहा है।

इंसेफेलाइटिस को लेकर पिछली सरकारों पर हमला

मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस की समस्या का जिक्र करते हुए कांग्रेस और सपा की पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि चार दशक में इंसेफेलाइटिस के कारण हजारों मासूमों की जान गई, लेकिन तत्कालीन सरकारों ने इस समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त संवेदनशीलता नहीं दिखाई। सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देकर इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण हासिल किया है। उन्होंने दावा किया कि अब पूर्वांचल के अभिभावकों को अपने बच्चों को लेकर पहले जैसी चिंता नहीं करनी पड़ती।

‘अब यूपी में माफिया नहीं चला सकते समानांतर सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और माफिया समानांतर सत्ता चलाते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपराधियों और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने दावा किया कि अब प्रदेश में व्यापारी और बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल ही ठिकाना है।

देवरिया में विकास परियोजनाओं का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने देवरिया में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि महर्षि देवरहा बाबा के नाम पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किया गया है। उन्होंने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण और क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विधायकों की ओर से दिए जा रहे विकास प्रस्तावों पर सरकार प्राथमिकता से काम कर रही है। इसी क्रम में क्षेत्र में फ्लाईओवर के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है।

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का जिक्र

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को दी गई निशुल्क बस यात्रा सुविधा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 27 से 29 अगस्त तक परिवहन निगम की बसों में महिलाओं और उनके साथ एक सहयात्री को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। उन्होंने बताया कि लाखों महिलाओं ने इस सुविधा का लाभ उठाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की माताओं के लिए भी परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू की जा रही है। उन्होंने इसे जनता के टैक्स के पैसे को जनता की सुविधा के रूप में वापस करने की सरकार की नीति से जोड़ा।

‘मंदिरों के पैसे का इस्तेमाल कब्रिस्तान में करती थी सपा’

मुख्यमंत्री ने सपा की पिछली सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार सभी वर्गों के विकास पर समान रूप से काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकार मंदिरों के सौंदर्यीकरण के बजाय कब्रिस्तानों पर धन खर्च करती थी। उन्होंने कहा कि दुग्धेश्वर नाथ मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए सरकार ने धनराशि उपलब्ध कराई है।

जनसभा में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, सुरेंद्र चौरसिया, दीपक कुमार मिश्र ‘शाका’, जिला पंचायत प्रशासक गिरीश चंद्र तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद और पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply