गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से पहुंचे करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर व्यक्ति की समस्या का बिना भेदभाव, संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए समस्याओं का शीघ्र और संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या का पारदर्शी तरीके से समाधान कराया जाएगा।
गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को सीएम ने दिया भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आश्वस्त किया कि पैसों के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय इलाज के लिए तत्काल मेडिकल इस्टीमेट तैयार कराया जाए। इस्टीमेट उपलब्ध होते ही सरकार की ओर से इलाज के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
भू-माफिया और दबंगों पर हो कठोर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने राजस्व एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन सक्रियता से काम करे।
पारिवारिक विवादों में संवाद से समाधान की पहल
जनता दर्शन में कुछ लोग पारिवारिक विवादों से जुड़ी शिकायतें लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर समाधान की दिशा में पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां संभव हो, परिवारों के बीच आपसी बातचीत के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जाए।
गुरु गोरखनाथ के दर्शन के बाद की गोसेवा
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के समक्ष शीश झुकाकर उनका आशीर्वाद लिया।
मंदिर परिसर के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री गोशाला भी पहुंचे। यहां उन्होंने गोसेवा करते हुए गायों और गोवंश को स्नेहपूर्वक गुड़-पूड़ी खिलाई। मुख्यमंत्री ने गोवंश के बीच कुछ समय बिताया और उनकी देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री का संदेश स्पष्ट रहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, जरूरतमंदों को इलाज की सुविधा और पात्र लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।