मथुरा। योगी सरकार 5253वें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव-2026 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने की तैयारियों में जुटी है। 2 से 4 सितंबर तक आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव महापर्व में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई।
26 मंचों पर दिखेगी ब्रज की संस्कृति, 5100 दीपों से जगमगाएगा विश्राम घाट
जन्मोत्सव के दौरान मथुरा में 5 मुख्य और 21 छोटे मंच बनाए जाएंगे। इन मंचों पर कलाकार श्रीकृष्ण की लीलाओं और ब्रज की लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां देंगे। प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट परफॉर्मर्स भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। 4 सितंबर को विश्राम घाट पर 5100 से अधिक दीपों का दीपदान आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 25 चौराहों और तीन प्रमुख घाटों को आकर्षक विद्युत रोशनी और बंगाली क्लोथ से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए 17 प्रमुख स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए जा रहे हैं। वहीं 3 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मस्थान से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
प्लास्टिक मुक्त रहेगा ब्रज, 1350 से ज्यादा सफाईकर्मी संभालेंगे मोर्चा
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए ‘प्लास्टिक मुक्त ब्रज की रज’ अभियान चलाया जा रहा है। सभी भंडारा संचालकों का पंजीकरण अनिवार्य किया गया है और प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 76 अस्थायी शौचालय, 186 पेयजल टैंकर, 15 पार्किंग और 10 जूता घर तैयार किए जा रहे हैं। सफाई व्यवस्था के लिए 1350 से अधिक सफाईकर्मियों की तैनाती होगी।
गड्ढामुक्त सड़कें और निर्बाध बिजली की तैयारी
मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने अधिकारियों को पर्व से पहले सभी संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को पूरे आयोजन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस तैनात करने, अस्पतालों की मैपिंग और स्वास्थ्य शिविरों पर स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग को भी पूरे आयोजन के दौरान अलर्ट रहने को कहा गया है।
3 जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया मथुरा
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पूरे जनपद को 3 जोन और 17 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा के लिए 95 बैरियर, 15 वॉच टावर और 7 चेतक वाहन तैनात किए जाएंगे।
एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार 125 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए प्रमुख क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रहेगी और भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार ब्रज
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालुओं के मथुरा पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन का जोर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर है। योगी सरकार की मंशा है कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप भव्य स्वरूप दिया जाए।