अयोध्या। दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच अयोध्या के देवकाली इलाके से बड़ी खबर सामने आई है। यहां दुर्गा प्रतिमाएं तैयार कर रहा मूर्तिकार उत्तम पाल अपनी टीम के साथ अचानक मौके से फरार हो गया। आरोप है कि मूर्तिकार ने शहर, ग्रामीण क्षेत्र और दूसरे जनपदों की करीब 125 दुर्गा प्रतिमाओं का ऑर्डर ले रखा था और कई पूजा समितियों से प्रतिमाओं की बुकिंग के नाम पर एडवांस रकम भी प्राप्त की थी। मूर्तिकार के अचानक गायब होने की खबर मिलते ही दुर्गा पूजा समितियों में हड़कंप मच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी और सदस्य देवकाली स्थित मूर्ति निर्माण स्थल पर पहुंच गए। मौके पर तैयार की जा रही तमाम दुर्गा प्रतिमाएं अधूरी पड़ी मिलीं। प्रतिमाओं के समय से तैयार नहीं होने की आशंका को लेकर समितियों के लोगों में चिंता बढ़ गई है।
रात दो बजे के बाद टीम समेत निकलता दिखा मूर्तिकार
पूजा समितियों के लोगों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में रात करीब दो बजे के बाद उत्तम पाल अपनी टीम के साथ मौके से जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद जब समितियों के लोगों को उसके अचानक गायब होने की जानकारी मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी।
मूर्तिकार के अचानक चले जाने से निर्माण स्थल पर तैयार हो रही प्रतिमाओं का काम पूरी तरह रुक गया है। कई प्रतिमाएं ऐसी स्थिति में हैं जिन्हें पूरा करने के लिए अभी काफी काम बाकी बताया जा रहा है।
करीब 125 प्रतिमाओं का लिया था ऑर्डर
बताया जा रहा है कि उत्तम पाल के पास अयोध्या शहर, ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा अन्य जनपदों की करीब 125 दुर्गा प्रतिमाएं तैयार करने का ऑर्डर था। पूजा समितियों ने प्रतिमाओं की बुकिंग के दौरान मूर्तिकार को एडवांस रकम भी दी थी।
अब मूर्तिकार के अचानक गायब होने के बाद समितियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती समय पर प्रतिमाएं तैयार कराने की है। नवरात्र और दुर्गा पूजा का समय नजदीक होने के कारण समितियों के पदाधिकारी दूसरे मूर्तिकारों से संपर्क करने की तैयारी में जुटे हैं।
बांस का भी करीब दो लाख रुपये बताया जा रहा बकाया
प्रतिमा निर्माण में इस्तेमाल किए गए बांस का भी करीब दो लाख रुपये का भुगतान बकाया बताया जा रहा है। निर्माण स्थल पर बड़ी संख्या में अधूरी प्रतिमाएं और उनका ढांचा मौजूद है। ऐसे में पूरे मामले में लेनदेन और बकाया रकम को लेकर भी विवाद की स्थिति बन गई है।
पुलिस बल तैनात, समिति के पदाधिकारी भी पहुंचे
मूर्तिकार के फरार होने की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। पूजा समितियों के लोगों ने पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है।
अधूरी प्रतिमाओं को लेकर समितियों की बढ़ी चिंता
मूर्तिकार के अचानक गायब होने से सबसे ज्यादा चिंता उन पूजा समितियों को है, जिन्होंने प्रतिमाओं की बुकिंग के लिए एडवांस रकम दी थी। समितियों के सामने अब समय पर प्रतिमा तैयार कराने की चुनौती है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हुई तो दुर्गा पूजा की तैयारियां प्रभावित हो सकती हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। मूर्तिकार के फरार होने की वास्तविक वजह, एडवांस रकम की कुल राशि और उसके खिलाफ किसी तहरीर या मुकदमे की स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।