• Mon. Sep 28th, 2026

चौक सब्जी मंडी में निर्माण से प्रभावित व्यापारियों को मिलेगा अस्थायी स्थान नगर विधायक ने किया मंडी का निरीक्षण, करीब 50 फल-सब्जी विक्रेताओं की समस्याएं सुनीं

अयोध्या। चौक सब्जी मंडी में चल रहे विकास कार्यों के बीच कारोबार प्रभावित होने से परेशान फुटकर फल और सब्जी विक्रेताओं की समस्याएं जानने के लिए रविवार को नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता मंडी पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने निर्माण के चलते टूटे चबूतरों, कारोबार प्रभावित होने और मंडी परिसर में जलभराव से हादसे की आशंका की जानकारी विधायक को दी।

व्यापारियों ने बताया कि निर्माण कार्य के चलते मंडी में कई चबूतरे टूट गए हैं। इससे करीब 50 छोटे फल और सब्जी विक्रेताओं का कारोबार प्रभावित हुआ है। वहीं मंडी परिसर में करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में पानी भर जाने से हादसे की आशंका बनी हुई है। व्यापारियों ने विधायक से मांग की कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक उन्हें कारोबार के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी रोजी-रोटी प्रभावित न हो।

नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि विकास कार्यों के कारण किसी की रोजी-रोटी प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जरूरी हैं, लेकिन इसके साथ प्रभावित व्यापारियों की समस्या का समाधान भी प्राथमिकता से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के लिए अस्थायी तौर पर स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे निर्माण कार्य के दौरान भी उनका कारोबार चलता रहे।

तीन मंजिला मल्टीकॉम्प्लेक्स से बढ़ेंगी सुविधाएं

विधायक ने कहा कि चौक सब्जी मंडी में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहा है। उन्होंने सपा नेताओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा नेता केवल चुनाव के समय मंडी में पहुंचते हैं, लेकिन लंबे समय में यहां एक नल तक नहीं लगवा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मंडी के व्यवस्थित विकास के लिए निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यहां तीन मंजिला मल्टीकॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मल्टीकॉम्प्लेक्स में पार्किंग समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे मंडी में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों को सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र का भी व्यवस्थित विकास होगा। विधायक ने कहा कि विकास कार्यों के साथ व्यापारियों के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा।

अस्थायी मंडी के लिए स्थान चिन्हित करेगी टीम

निरीक्षण के दौरान अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश मिश्र भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और बताया कि निर्माण कार्य चलने तक अस्थायी रूप से मंडी लगाने के लिए स्थान का चिन्हांकन कराया जा रहा है। इसके लिए एक टीम गठित की गई है, जिसमें विकास प्राधिकरण के दो अधिकारी और तीन व्यापारी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि टीम व्यापारियों के साथ समन्वय कर ऐसा स्थान चिन्हित करेगी, जहां अस्थायी तौर पर फल और सब्जी का कारोबार संचालित किया जा सके। इसका उद्देश्य निर्माण कार्य के दौरान व्यापारियों के कारोबार पर कम से कम असर पड़ने देना है।

निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, सुप्रीत कपूर, प्रांशु अग्रवाल, मीडिया प्रभारी अमित मिश्र, नगर कोतवाल मनोज कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply