• Wed. Aug 26th, 2026

भारत – नेपाल सीमा के ठूठीबारी बार्डर पर 2100 नेपाली शराब बरामद,दो गिरफ्तार 

ByJyoti Nishad

Oct 7, 2023

उमेश तिवारी

महराजगंज। शनिवार को नेपाल बार्डर के समीप दो अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षा व जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 सौ शीशी नेपाली शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से ठूठीबारी बार्डर क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि नेपाली शराब की तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन से लोग जुड़े हैं? जल्द ही इस प्रकरण में कुछ और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। ठूठीबारी कोतवाली में एसडीएम निचलौल सत्यप्रकाश मिश्र व सीओ अनिरूद्ध कुमार ने बताया कि बार्डर आउट पोस्ट झुलनीपुर व ठूठीबारी के एसएसबी जवानों को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि नेपाल से अवैध शराब की खेप भारतीय सीमा में आने वाली है। यह सूचना एसएसबी टीम ने आबकारी व पुलिस विभाग से साझा किया।

थोड़ी देर बाद एसडीएम व सीओ के नेतृत्व में ठूठीबारी कोतवाली के एसओ उमेश कुमार, उप निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, राजनरायण सिंह, कांस्टेबल राहुल यादव, योगेश कुमार शर्मा, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र निचलौल वैभव यादव, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल बृजेश पाल, मनोज कुमार, झुलनीपुर बीओपी के एसएसबी निरीक्षक मुकेश कुमार, मुख्य आरक्षी राजन कुमार पुष्टी, आरक्षी पवन कुमार रजक, ठूठीबारी बीओपी के मुख्य आरक्षी राकेश धाकड़, सुशील कुमार सिंह, विपिन कुमार, आकाश सोलंकी, मांडवी सागर इंडो- नेपाल बार्डर के दो किमी अंदर भारतीय सीमा क्षेत्र के डिगही गांव के समीप शनिवार की सुबह आठ बजे बेलवा पुल के पास पहुंच घेराबंदी की। थोड़ी देर में दो लोग साइकिल पर बोरा लादे आ रहे थे। इस पर संयुक्त टीम ने दोनों को पकड़ लिया। जब बोरे की तलाशी ली गई तो दोनों बोरे में साढ़े चार-चार सौ नेपाली शराब बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राकेश गौड़ व सलीम मंसूरी बताया। दोनों ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के बेलवा गांव के ही निवासी हैं।

गन्ने के खेत से बरामद हुई 12 सौ शीशी नेपाली शराब

वहीं बेलवा गांव के पुल के पास नौ शीशी नेपाली शराब होने के बाद सुरक्षा व जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं। छानबीन शुरू हो गई। इसी बीच डिगही व बेलवा गांव के सिवान में गन्ने के खेत से टीम ने 12 सौ शीशी नेपाली शराब के साथ एक बाइक भी बरामद किया। नेपाली शराब की बड़ी खेप की बरामदगी के बाद पुलिस, एसएसबी व आबकारी टीम मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी गई है। जो बातें सामन आ रही हैं उसमें बेलवा गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर का नाम सामने आ रहा है। उसके खिलाफ पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस व आबकारी टीम का कहना है कि जांच-पड़ताल जारी है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। नेपाली शराब की तस्करी में जिनकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply