• Wed. Oct 7th, 2026

अग्नि-5 मिसाइल और भारत माता की कांवड़ ने खींचा सबका ध्यान

मेरठ। सावन की कांवड़ यात्रा इस बार आस्था के साथ देशभक्ति और रचनात्मकता का भी अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। हरिद्वार से दिल्ली के पालम की ओर बढ़ रही अग्नि-5 मिसाइल थीम वाली कांवड़ ने कांवड़ मार्ग पर लोगों का खासा ध्यान आकर्षित किया। सैन्य प्रतीकों, मिसाइल के मॉडल और रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजी इस कांवड़ को देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटती रही। राहगीरों ने कांवड़ के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए।

कांवड़ दल के सदस्य राजवीर ने बताया कि इस वर्ष उनकी टोली ने भारतीय सेना की शक्ति और देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के सम्मान में अग्नि-5 मिसाइल, परमाणु प्रतीक और सैन्य उपकरणों के मॉडल से कांवड़ तैयार की है। उनका कहना है कि यह कांवड़ देश की रक्षा में जुटे वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। राजवीर के मुताबिक, पिछले वर्ष भी उनकी टोली ब्रह्मोस मिसाइल थीम पर आधारित कांवड़ लेकर यात्रा में शामिल हुई थी।

एलईडी लाइटों से जगमगा रही अग्नि-5 कांवड़

अग्नि-5 कांवड़ की सबसे खास बात इसकी आकर्षक सजावट है। रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजी यह कांवड़ रात में बेहद भव्य नजर आती है। जैसे-जैसे कांवड़िए आगे बढ़ते हैं, रोशनी से जगमगाती कांवड़ राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है। कांवड़िए शिव भक्ति के साथ देशभक्ति के गीतों पर झूमते हुए ‘हर हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

ग्रुप सदस्य दीपांशु ने बताया कि उनका दल दिल्ली के पालम क्षेत्र का रहने वाला है और इसमें करीब 25 से 30 शिवभक्त शामिल हैं। कांवड़ में अग्नि-5 मिसाइल के साथ 51 गोलों की प्रतिकृतियां और अन्य सैन्य प्रतीकों को भी आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि देश आज हर क्षेत्र में सक्षम है और युवाओं को भारतीय सेना के गौरव से परिचित कराने के उद्देश्य से इस तरह की थीम वाली कांवड़ तैयार की गई है।

भारत माता की कांवड़ भी बनी आकर्षण

कांवड़ यात्रा में दिल्ली के तिगरी निवासी अभिषेक भी भारत माता की प्रतिमा वाली कांवड़ लेकर शामिल हुए हैं। अभिषेक का कहना है कि उनके लिए राष्ट्र प्रथम है और देश ही उनके लिए सर्वोपरि है। इसी भावना के साथ उन्होंने भारत माता की कांवड़ तैयार करने का फैसला लिया। अभिषेक की डीजे कांवड़ पर भारत माता की प्रतिमा, भारत का नक्शा और दोनों ओर तिरंगे लगाए गए हैं। कांवड़ के साथ बज रहे देशभक्ति गीतों ने भी माहौल को जोश से भर दिया। ‘यह देश है वीर जवानों का’, ‘मेरे देश की मिट्टी सोना उगले’, ‘ऐ वतन-ऐ वतन’ और ‘कर चले हम फिदा’ जैसे गीतों पर शिवभक्त उत्साह के साथ आगे बढ़ते दिखाई दिए।

आस्था के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश

कांवड़ यात्रा के दौरान सामाजिक, धार्मिक और राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़ी थीम वाली कांवड़ें हर वर्ष लोगों के आकर्षण का केंद्र बनती हैं। इस बार अग्नि-5 मिसाइल और भारत माता की कांवड़ ने शिवभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। सैन्य प्रतीकों और तिरंगे से सजी इन कांवड़ों को देखने के लिए मार्ग में लोगों की भीड़ जुटी। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इन अनोखी कांवड़ों की तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में कैद किए। सोशल मीडिया पर भी इनके वीडियो तेजी से साझा किए जा रहे हैं। ‘हर हर महादेव’ के जयकारों और देशभक्ति के नारों के बीच आगे बढ़ती ये कांवड़ें सावन की यात्रा में आस्था, रचनात्मकता और राष्ट्रप्रेम के अनूठे संगम की तस्वीर पेश कर रही हैं।

Leave a Reply