• Mon. Oct 5th, 2026

बस्ती में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा पर ADG की नजर, भद्रेश्वरनाथ मंदिर व कड़र मंदिर का निरीक्षण

बस्ती। कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियों को और तेज कर दिया है। शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) गोरखपुर जोन ने डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक बस्ती समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, सुरक्षा इंतजाम और प्रमुख शिवालयों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया गया। जनपद आगमन पर अपर पुलिस महानिदेशक को ससम्मान गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और कांवड़ियों के सुगम आवागमन को लेकर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

कांवड़ मार्ग और ओवरब्रिज की व्यवस्था परखी

ADG ने कांवड़ यात्रियों के आवागमन वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ ओवरब्रिज और फ्लाईओवर क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान रूट डायवर्जन प्लान, रूट चार्ट, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को बारीकी से परखा गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की समस्या न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम मार्ग उपलब्ध कराया जाए।

बाबा भद्रेश्वरनाथ मंदिर में किया दर्शन-पूजन

निरीक्षण के क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक ने कांवड़ियों के प्रमुख जलाभिषेक स्थल बाबा भद्रेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद मंदिर परिसर, गर्भगृह, श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए की गई बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

कड़र मंदिर में सुरक्षा और सुविधाओं की जांच

इसके बाद थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र स्थित कड़र मंदिर का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। यहां जलभराव, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन-पूजन के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा गया। अपर पुलिस महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और रूट डायवर्जन व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतें।

Leave a Reply