नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया है। रविवार देर रात भारतीय बैंक संघ (IBA) और UFBU के बीच हुई बैठक में विभिन्न लंबित मुद्दों पर आगे बातचीत और समाधान की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। इसके बाद UFBU ने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया।
दोनों पक्षों के बीच बैठक रविवार रात करीब 9:30 बजे हुई। वार्ता के बाद UFBU की ओर से जारी जानकारी में कहा गया कि शेष शनिवारों को बैंक अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति तत्काल गठित की जाएगी। यह समिति इस संबंध में उपलब्ध सभी विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित हितधारकों से चर्चा के बाद ऐसा समाधान तलाशने का प्रयास करेगी, जो सभी पक्षों और खासकर बैंक ग्राहकों के लिए स्वीकार्य हो।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग पर आगे बढ़ेगी बातचीत
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग सभी शनिवार और रविवार को अवकाश घोषित कर पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की रही है। वर्तमान में बैंकों में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने की सिफारिश पहले की जा चुकी है, लेकिन इसके क्रियान्वयन के लिए आवश्यक मंजूरी की प्रक्रिया लंबित रही है। इसी मुद्दे को लेकर यूनियनों ने सितंबर में आंदोलन का कार्यक्रम घोषित किया था।
अब इस मुद्दे पर IBA और UFBU की उच्चस्तरीय समिति विकल्पों पर विचार करेगी। समिति की चर्चा में बैंक ग्राहकों के हित को भी ध्यान में रखने की बात कही गई है।
स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की PLI योजना पर भी चर्चा
बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन यानी Performance Linked Incentive (PLI) योजना को लेकर यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों पर भी चर्चा आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है।
UFBU के मुताबिक इस मुद्दे पर IBA के साथ बातचीत की जाएगी। बातचीत के आधार पर योजना में संशोधन का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखे जाने की संभावना है। PLI व्यवस्था में बदलाव को लेकर बैंक यूनियनें पहले से आपत्ति जताती रही हैं।
8 मार्च 2024 के लंबित मुद्दों पर भी समाधान की कवायद
इसके अलावा 8 मार्च 2024 को हुई बैठक के कार्यवृत्त में दर्ज शेष लंबित मुद्दों के जल्द समाधान के लिए भी IBA और UFBU के बीच बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है। यूनियनों की ओर से इन मुद्दों को भी लंबे समय से उठाया जा रहा था।
इन मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ाने और समिति गठित करने की सहमति के बाद UFBU ने अपने प्रस्तावित आंदोलन कार्यक्रम और हड़ताल की कार्रवाई को स्थगित करने पर सहमति जताई।
आज से नहीं होगी प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल
28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल अब स्थगित हो गई है। इससे बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। हड़ताल के कारण महीने के अंतिम दिनों में बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की आशंका थी। केंद्र सरकार ने भी हड़ताल से पहले ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खोलने की व्यवस्था की थी।
हालांकि, हड़ताल स्थगित हुई है, इसे स्थायी रूप से समाप्त नहीं माना गया है। आगे की बातचीत में लंबित मुद्दों पर क्या समाधान निकलता है, इसके आधार पर यूनियनों की अगली रणनीति तय होगी।