• Mon. Sep 28th, 2026

प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के घर का भारी गेट गिरने से सात वर्षीय मासूम की मौत गेट पकड़कर झूल रहा था बच्चा, अचानक टूटकर ऊपर गिरा लोहे का हिस्सा: मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र के सेनानी नगर, मीरा भवन मोहल्ले में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के पैतृक आवास पर किराए पर रह रहे सात वर्षीय मासूम की भारी लोहे का गेट गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में मातम छा गया।

जानकारी के मुताबिक लखनऊ के मूल निवासी रजनीश शर्मा प्रतापगढ़ में एक कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री में कर्मचारी हैं। वह अपने परिवार के साथ मीरा भवन मोहल्ले में स्थित रोहित मिश्रा के पैतृक आवास में किराए पर रहते हैं। रविवार शाम उनका सात वर्षीय बेटा आद्विक शर्मा घर के मुख्य गेट को पकड़कर झूल रहा था।

इसी दौरान अचानक लोहे के गेट का एक हिस्सा टूट गया और भारी गेट सीधे मासूम के ऊपर जा गिरा। गेट की चपेट में आने से आद्विक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन और आसपास के लोग तत्काल बच्चे को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

आद्विक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चे की चहल-पहल थी, वहां अचानक मातम पसर गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने कहा- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई

मामले में सीओ सिटी आशुतोष मिश्र ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस हादसे के कारणों और गेट की स्थिति की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घटना को लेकर किसी तरह की आपराधिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply