• Fri. Aug 21st, 2026

सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- हंगामे से युवाओं, किसानों और गरीबों के हित बाधित करने का प्रयास

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष के हंगामे को लेकर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में सपा का असली चेहरा एक बार फिर प्रदेश की जनता के सामने आया है। सपा सदस्यों द्वारा सदन की कार्यवाही बाधित करना प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के हितों के साथ अन्याय है।

मुख्यमंत्री बुधवार को विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद विधान भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा के नकारात्मक रवैये के कारण अनुपूरक बजट में शामिल जनकल्याणकारी योजनाओं पर सार्थक चर्चा नहीं हो सकी।

सीएम योगी ने कहा कि सपा का व्यवहार अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और विकास कार्यों की गति किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होगी।

59 हजार करोड़ से अधिक के अनुपूरक बजट में जनहित को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मानसून सत्र में युवाओं के रोजगार, कौशल विकास, किसानों के कल्याण, महिलाओं के सम्मान और गरीबों के हितों से जुड़े नए कार्यक्रमों पर चर्चा चाहती थी। इसी उद्देश्य से सरकार 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट लेकर आई थी। उन्होंने कहा कि अनुपूरक बजट में प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धनराशि का प्रावधान किया गया है।

आंगनबाड़ी, आशा और अन्य कर्मियों के मानदेय बढ़ाने का प्रावधान

सीएम योगी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर, रसोइया, ग्राम चौकीदार और कोटेदार जैसे महत्वपूर्ण वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए बजट में प्रावधान किए गए हैं। निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन में वृद्धि तथा नए पात्र लाभार्थियों को जोड़ने की योजनाओं पर भी चर्चा प्रस्तावित थी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद विपक्ष के व्यवधान के कारण इन महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा नहीं हो सकी। हालांकि विधानसभा से अनुपूरक मांगें पारित हो चुकी हैं।

आउटसोर्सिंग कर्मियों को मिलेगी सामाजिक सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने आउटसोर्सिंग कमीशन का गठन किया है। इसका उद्देश्य आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम मानदेय और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देना है। इसके लिए बजट में आवश्यक धनराशि की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अन्य कर्मियों के हित में भी लगातार कार्य किया है। शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाने के साथ ही शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

महापुरुषों के सम्मान के लिए 407 करोड़ का प्रावधान

सीएम योगी ने कहा कि अनुपूरक बजट में सामाजिक न्याय के पुरोधाओं के सम्मान के लिए भी प्रावधान किए गए हैं। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, ज्योतिबा फुले, शाहूजी महाराज और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जैसे महापुरुषों की प्रतिमाओं पर छाजन, पार्क और बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 407 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के हंगामे के बावजूद विधानसभा से अनुपूरक मांगें पारित हुई हैं और तय समय सीमा में विकास एवं जनकल्याणकारी कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित अन्य विधायक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply