• Sun. Aug 30th, 2026

CM योगी का बड़ा ऐलान: इस साल के अंत तक स्वच्छ होगी गोमती नदी, लखनऊ छावनी में 101 करोड़ की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस वर्ष के अंत तक गोमती नदी को स्वच्छ और अविरल बनाने के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि गोमती की अविरलता और स्वच्छता के लिए सेना की मध्य कमान ने प्रदेश सरकार को पूरा सहयोग दिया है। इसके चलते अभियान को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री रविवार को रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के साथ लखनऊ छावनी में 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य लखनऊ छावनी को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए मॉडल छावनी के रूप में विकसित करना है।

लखनऊ छावनी बनेगी ‘आदर्श’ मॉडल

सीएम योगी ने विश्वास जताया कि लखनऊ छावनी परिषद आने वाले समय में विकास और जनसुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि छावनी को इस तरह विकसित किया जाएगा कि यहां सैन्यकर्मियों, पूर्व सैन्यकर्मियों और सिविलियन नागरिकों को जरूरी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते परिवेश में लखनऊ में आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रक्षा मंत्रालय की ओर से इन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए लगातार सहयोग मिल रहा है। इन परियोजनाओं से ‘ईज ऑफ लिविंग’ के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

‘मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं’ से स्मार्ट सिटी तक का सफर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के बदलते स्वरूप का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 20 वर्ष पहले राजधानी के रेलवे स्टेशन पर एक बोर्ड पर लिखा होता था- ‘मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं।’ लेकिन उस समय ट्रैफिक जाम, संकरी गलियों और गंदगी के कारण लोग मुस्कुराने के बजाय परेशान होते थे। उन्होंने कहा कि आज लखनऊ ने अपनी पुरानी विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक स्मार्ट सिटी के रूप में नई पहचान बनाई है। राजधानी में सीएम ग्रिड की स्मार्ट रोड से लेकर किसान पथ जैसे आउटर रिंग रोड तक आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हुआ है।

विरासत के साथ आधुनिकता का संगम

सीएम ने कहा कि लखनऊ की पहचान सिर्फ आधुनिक सुविधाओं से नहीं, बल्कि इसकी समृद्ध विरासत से भी है। यहां वीरांगना ऊदा देवी पासी और महाराजा बिजली पासी जैसे महान व्यक्तित्वों की स्मृतियां और स्मारक हैं। वहीं दूसरी ओर लखनऊ देश की रक्षा जरूरतों और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस जैसी आधुनिक मिसाइलों के निर्माण से लखनऊ रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ की प्रसिद्ध चिकनकारी और हस्तशिल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की सांस्कृतिक पहचान को यूनेस्को की ‘क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ की मान्यता से भी नई ऊंचाई मिली है।

2017 के बाद यूपी ने बदली अपनी तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट, अभाव, अराजकता और अव्यवस्था जैसी चुनौतियां थीं। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था के ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है। आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करने के लिए प्रदेश में छह डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर भी विकसित किए जा रहे हैं।

एक्सप्रेसवे से एयर कनेक्टिविटी तक यूपी का विस्तार

सीएम योगी ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश की पहचान बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से भी हो रही है। देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क में यूपी की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत बताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में देश का सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क और सबसे अधिक मेट्रो नेटवर्क में से एक मौजूद है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ मेट्रो के द्वितीय चरण को भारत सरकार से मंजूरी दिलाने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना भी जल्द आगे बढ़ेगी। सीएम के मुताबिक, प्रदेश में देश की पहली रैपिड रेल, पहला वाटर-वे और बड़े एयर कनेक्टिविटी नेटवर्क जैसी उपलब्धियां जुड़ी हैं। वर्तमान में यूपी में 17 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट क्रियाशील हैं।

सेना में यूपी की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैन्य बलों में उत्तर प्रदेश हमेशा अग्रणी रहा है। देश में सैनिक स्कूलों की परंपरा की शुरुआत भी उत्तर प्रदेश से हुई थी। प्रदेश में संचालित सैनिक स्कूल युवाओं को देश की सुरक्षा आवश्यकताओं के लिए तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के अधिकारी और जवान दिन-रात देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। पहले उनकी सुविधाओं के लिए धन की कमी चुनौती बनती थी, लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है। सरकार सैन्यकर्मियों और पूर्व सैनिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा व संजय सेठ, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान व मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा और ओपी श्रीवास्तव सहित से ना एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply