मांड्या। कर्नाटक के मांड्या जिले में मंदिर के गर्भगृह में VIP दर्शन को लेकर भाजपा विधायक की बेटी और महिला पुलिस अधिकारी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि तुमकुरु ग्रामीण सीट से भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या ने ड्यूटी पर तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी ने भी ऐश्वर्या को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई गई है।
VIP दर्शन को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ऐश्वर्या अपने बच्चों के साथ मांड्या जिले के श्रीरंगपटना तालुक स्थित आरती उक्काडा मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थीं। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में VIP प्रवेश की मांग की। उस समय मंदिर में आम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी और महिला पुलिस स्टेशन की सब-इंस्पेक्टर सविता पाटिल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थीं। पुलिस अधिकारी ने कथित तौर पर ऐश्वर्या से कहा कि तत्काल प्रवेश देने पर कतार में खड़े श्रद्धालु विरोध कर सकते हैं। उन्होंने कुछ देर इंतजार करने का अनुरोध किया।
विधायक की बेटी और महिला SI में बढ़ी बहस
आरोप है कि इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। ऐश्वर्या ने कथित तौर पर खुद को भाजपा विधायक की बेटी बताते हुए पुलिस अधिकारी से बहस की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। विवाद बढ़ने पर ऐश्वर्या ने महिला सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी ने भी ऐश्वर्या को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR
मामले में अब दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ और किस पक्ष की ओर से पहले हाथ उठाया गया, इसकी जांच पुलिस कर रही है