• Sat. Aug 22nd, 2026

डीएम-एसपी ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की संयुक्त ब्रीफिंग की, 4 जोन और 9 सेक्टर में तैनात किए गए अधिकारी, कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद

बाराबंकी। श्रावण मास-2026 के दौरान श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार के दिन उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए बाराबंकी प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शनिवार को महादेवा ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट समय से अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर लगातार भ्रमण करें और प्रत्येक व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, खोया-पाया केंद्र और आपातकालीन व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले पंचायत भवनों और अन्य सरकारी भवनों की साफ-सफाई कराने के साथ वहां पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य चिकित्सालयों को अलर्ट मोड पर रखने, पर्याप्त दवाओं, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के साथ संवेदनशील, सौहार्दपूर्ण और सेवा भाव से व्यवहार किया जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को देकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचने और पूरी सतर्कता के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था और यातायात संचालन को सुचारु रखा जाए।

ब्रीफिंग से पहले जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने महादेवा परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

प्रशासन के अनुसार, श्रावण मास में श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर और कांवड़ यात्रा मार्ग की प्रभावी निगरानी के लिए पूरे क्षेत्र को 4 जोन और 9 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में मजिस्ट्रेटों के साथ समकक्ष पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply