गोरखपुर। गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कर लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि परेशान होने की जरूरत नहीं है, हर शिकायत का प्रभावी समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण शीघ्रता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास गए और एक-एक करके उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
‘किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न हो, बल्कि वास्तविक समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने जनता दर्शन में आए लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इलाज के लिए मदद मांगने वालों को CM ने दिया भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि पैसों की कमी के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपचार से संबंधित इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को उपलब्ध कराई जाए, जिससे पात्र लोगों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
बच्चों से पढ़ाई पूछी, चॉकलेट देकर बढ़ाया हौसला
जनता दर्शन में कई लोग अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को खूब मन लगाकर पढ़ने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सीएम ने बच्चों को चॉकलेट भी दी, जिससे बच्चे काफी खुश नजर आए।

‘भोलू’ नंदी को दुलारकर बोले CM योगी- हमेशा गुस्से में क्यों रहता है?
जनता दर्शन के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक दिनचर्या भी जारी रही। सुबह वह मंदिर की गोशाला पहुंचे और गोसेवा की।
गोशाला में मुख्यमंत्री की नजर ‘भोलू’ नाम के नंदी पर पड़ी। भोलू कुछ रूठा-रूठा और गुस्से में नजर आ रहा था। मुख्यमंत्री ने उसे स्नेहपूर्वक दुलारते हुए हाथ में गुड़-रोटी लेकर पुकारा और कहा- “कैसा हमेशा गुस्से में रहता है।”
इसके बाद मुख्यमंत्री ने भोलू सहित अन्य गोवंश और गायों को अपने हाथों से गुड़ और रोटी खिलाई। गोसेवा के दौरान मुख्यमंत्री का गोवंश के प्रति आत्मीय लगाव भी देखने को मिला।