• Mon. Oct 12th, 2026

यूपी के घर-घर में पहुंचेगा भारत सरकार का ‘सांभर’ नमक

ByJyoti Nishad

Oct 22, 2023

गोरखपुर। भारत सरकार, जन-जन के लिए उपयोगी और स्वास्थ्य को बेहतर रखने वाले ‘सांभर’ नमक की गुणवत्ता का यूपी में प्रचार-प्रसार के साथ उसकी बिक्री के महाअभियान की शुरुआत करने जा रही है। इस नमक की निर्माता हिंदुस्तान साल्ट्स लिमिटेड ने यूपी में कम्पनी के सांभर नमक के प्रचार प्रसार और बिक्री के लिए एनएओसीओएफ इंडिया लिमिटेड और उसके सहयोगी आरकेजे एग्रो एण्ड फूडस प्राइवेट लिमिटेड से हाथ मिलाया है।इस संबंध में जानकारी देते हुए हिंदुस्तान साल्ट्स लिमिटेड के सीएमडी कमोडोर कमलेश कुमार ने मीडिया को बताया कि एनएओसीओएफ इंडिया लिमिटेड और उसके सहयोगी आरकेजे एग्रो एण्ड फूडस प्राइवेट लिमिटेड यूपी में पीसीएफ की मदद से विभिन्न जिलों में स्थापित कृषक सेवा केन्द्र से भारत सरकार के सांभर नमक का विक्रय कराएगी। यह पहला मौका है जब यूपी में भारत सरकार के सांभर नमक की गुणवत्ता को लेकर इतने बड़े महाअभियान को शुरु किया जा रहा है जो ”बदलता यूपी और स्वस्थ्य यूपी” की परिकल्पना को साकार करने में मददगार साबित होगी।उन्होंने बताया कि भारत सरकार के उद्यम हिंदुस्तान साल्ट्स लिमिटेड विशेष रूप से राजस्थान में स्थित सांभर झील में ताजे वर्षा जल से नमक का उत्पादन करती है। सांभर नमक भारत का एकमात्र नमक है जो प्राकृतिक रूप से आयोडीन युक्त होता है और इसमें 84 ऐसे दुर्लभ खनिज तत्व पाए जाते हैं, जिनका उपयोग एसिडिटी की दवा के रूप में किया जाता है। इतना ही नहीं सांभर नमक से बना काला नमक सबसे अच्छा प्राकृतिक रेचक (लैक्सेटिव) है और इसके कई चिकित्सीय लाभ हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कंपनी का नमक कैंसर रोधी है और तंत्रिका तंत्र की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाता है। कमलेश कुमार ने बताया कि यूपी में नेशनल फेडरेशन ऑफ फार्मर्स प्रोक्योरमेंट (एनएओसीओएफ) और आरकेजे एग्रो एण्ड फूडस प्राइवेट लिमिटेड ने सांभर नमक को जन-जन तक पहुंचाने का जिम्मा उठाया है। यह दोनों कम्पनी उत्तर प्रदेश प्रादेशिक कोआपरेटिव फेडरेशन (पीसीएफ) के साथ मिलकर इस नमक को गांव-गांव और जन-जन तक कृषक सेवा केंद्र के माध्यम से पहुंचाएगी। इन केन्द्रों पर यह नमक आसानी से उपलब्ध होगा। दीपक चौहान, सीईओ एवं निदेशक आरकेजे एग्रो एंड फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने कहा कि भारत की इतनी बड़ी आबादी को स्वस्थ जीवन प्रदान करने के लिए स्वास्थ्यवर्धक सांभर नमक वरदान के रूप में साबित होगा। नाम प्रकाश श्रीवास्तव, अधिशाषी निदेशक एनएओसीओएफ ने कहा कि लोग अक्सर यह भूल जाते हैं कि नमक भी हमारे आहार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए प्रतिदिन खाने में पौष्टिक आहार के साथ पौष्टिक नमक भी उतना ही जरूरी है। ए. आर. कुशवाहा डिप्टी जनरल मैनेजर, पीसीएफ ने बताया कि पीएसएफ के कृषक सेवा केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्यवर्धक सांभर नमक को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। बता दें कि हिंदुस्तान साल्ट्स लिमिटेड (एचएसएल) सरकार का एक सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम (पीएसयू) है। सांभर साल्ट्स लिमिटेड (एसएसएल) इसकी सहायक कंपनी है।

Leave a Reply