Rk.Maurya
‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्ष पर बस्ती परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों ने एक स्वर में गाया राष्ट्रगीत, पीएम के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया
बस्ती। शुक्रवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी के नेतृत्व में परिक्षेत्रीय कार्यालय परिसर में देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान डीआईजी संजीव त्यागी सहित कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। पूरे वातावरण में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना गूंज उठी।
डीआईजी संजीव त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, एकता और मातृभूमि के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने देशवासियों में जोश, उत्साह और त्याग की भावना का संचार किया था, और आज भी यही गीत हमें देशहित में समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के पश्चात डीआईजी संजीव त्यागी द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ प्रोजेक्टर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा गया। प्रधानमंत्री का यह संबोधन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का हिस्सा था।
इस अवसर पर परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभी शाखा प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे और उन्होंने राष्ट्रगीत के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की शपथ दोहराई।