मुजफ्फरनगर। लक्सर में मौसा का 75वां जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे परिवार की खुशियां सोमवार देर रात दर्दनाक हादसे में बदल गईं। पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर भैंसलीवाला गांव के पास सामने से आए डंपर ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रॉपर्टी डीलर एवं उत्तराखंड में होटल कारोबारी 49 वर्षीय आदेश गोयल समेत परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
लक्सर में मनाया था मौसा का 75वां जन्मदिन
नई मंडी निवासी आदेश गोयल सोमवार को परिवार के साथ लक्सर गए थे। वहां उनके मौसा राधेश्याम का 75वां जन्मदिन मनाया गया। इसके बाद रात करीब 11 बजे आदेश अपनी पत्नी, मां, दो बहनों और भांजियों के साथ स्कॉर्पियो से मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। पुरकाजी-लक्सर स्टेट हाईवे पर बढ़ीवाला में सोलानी नदी पुल के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे डंपर ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद खाई में पलटी स्कॉर्पियो
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो सड़क किनारे खाई में जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से पुलिस ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। खेत में पानी भरा होने के कारण बचाव कार्य में भी परेशानी हुई। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी ले जाया गया, जहां से गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया।
भाई, दो बहनें और भांजी की मौत
हादसे में आदेश गोयल, उनकी बहन निशा, छोटी बहन राखी और निशा की 14 वर्षीय बेटी श्रद्धा की मौत हुई है। आदेश की पत्नी रूबी, उनकी 65 वर्षीय मां कुसुम देवी और राखी की सात वर्षीय बेटी वैष्णवी घायल हुई हैं।
डंपर चालक मौके से फरार
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ ही डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।