• Thu. Sep 24th, 2026

Jamshedpur Road Accident: खड़े ट्रक में घुसी कार, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत: गैस कटर से निकाले शव

जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास करीब सुबह तीन बजे हुआ। तेज रफ्तार कार सड़क पर खराब हालत में खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंसकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस के मुताबिक, कार में चार लोग सवार थे और हादसे में सभी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है। रिपोर्टों के अनुसार, चारों विद्यार्थी थे।

रात से खराब हालत में खड़ा था ट्रक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस ट्रक से कार की टक्कर हुई, वह बुधवार रात करीब 10 बजे से खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि ट्रक के पीछे पर्याप्त चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर या अन्य सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे या नहीं।

कार में फंसे थे सभी शव, गैस कटर से किया रेस्क्यू

टक्कर के बाद कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। कार को काटने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख

हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की मौत को बेहद दुखद बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। खास तौर पर सड़क पर खड़े खराब ट्रक की स्थिति और उसके आसपास सुरक्षा संकेतकों की मौजूदगी को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply