अयोध्या।राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तारीख आ गई है। 22 जनवरी को इस कार्यक्रम में पीएम मोदी भी जाएंगे। प्राण प्रतिष्ठा से पहले ही अयोध्या में जमीन के रेट आसमान छू रहे हैं। इसी के साथ वहां होटल इंडस्ट्री भी फल-फूल रही है।अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का जनवरी में उद्घाटन होना है। इससे पहले अयोध्या के रियल्टी सेक्टर में जबरदस्त तेजी आई है। मंदिर और उसके आसपास जमीन की कीमतें 12 गुना से 20 गुना तक बढ़ गई हैं।
खासकर चौदह कोसी परिक्रमा, रिंग रोड, लखनऊ-गोरखपुर राजमार्ग के आसपास की भूमि के रेट आसमान छू रहे हैं। यहां तेजी से निर्माण कार्य भी चल रहा है। इसकी वजह है कि 2024 के अंत तक पर्यटकों की संख्या चार से पांच गुना बढ़कर 4-5 करोड़ तक पहुंच सकती है।
अयोध्या के स्टांप और पंजीकरण विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 2017-18 और 2021-22 के बीच संपत्ति पंजीकरण में चार गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। जैसे-
2017-18 में लगभग 6000 भूमि सौदे हुए-
2018-19 में 15000
2019-20 में 17000
2020-21 में 20000
वहीं 21-22 में 24000 से अधिक
जो जमीन चार साल पहले 1,000 रुपये प्रति वर्ग फुट में आसानी से मिल जाती थी, वह आज 12,000 रुपये प्रति वर्ग फुट में भी नहीं मिल रही है। चौदह कोसी परिक्रमा के आसपास 1350 वर्ग फीट जमीन की कीमत 4 लाख से बढ़कर 65 लाख रुपये हो गई है। रिंग रोड के पास जमीन की कीमतें बीस गुना तक बढ़ गई हैं।