अयोध्या। जनता अवध इण्टर कालेज अयोध्या धाम के सभागार में गुरुवार को वार्षिक परीक्षा फल (अंक पत्र) का वितरण एवं मेधावी सम्मान समारोह डॉ० वीर विक्रमादित्य सिंह (प्रधानाचार्य) की अध्यक्षता में अतिथि वृन्द राम बहादुर सिंह (राम जन्म भूमि भंडार प्रभारी), नितेश कुमार वर्मा (प्रो०माडर्न बुक डिपो अयोध्या), और आदरणीय अभिभावक गण की गौरवमई उपस्थिति में आयोजित हुआ जिसमें सर्व प्रथम अथिति वृन्द व प्रधानाचार्य के द्वारा सरस्वती माता जी का पूजन वन्दन धूप दीप नैवेद्य अर्पित कर किया गया। विद्यालय के आदर्श छात्र- छात्राओं की ओर से आकांक्षा कक्षा-9, शिवांशी पाण्डेय,अर्पिता कक्षा-8, और आकृति पाठक,अर्नी मिश्रा कक्षा-7 ने सस्वर सरस्वती वन्दना प्रस्तुत किया।विद्यालय की सामूहिक प्रार्थना समवेत स्वर में ” इतनी शक्ति हमें देना दाता मन का विश्वास कमजोर हो ना ” छात्र-छात्राओं ने भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत कर भाव विभोर किया।

छात्र-छात्राओं का तिलक लगाके और लड्डू खिलाकर स्वर्णिम भविष्य की शुभकामनाएं व्यक्त कर प्रत्येक कक्षा से क्रमशः तीन सर्वोच्च प्राप्तांक हासिल कर ससम्मान उत्तीर्ण करने वाले कुल 36 मेधावी छात्र-छात्राओं को “अवध विद्या-रत्न”गोल्ड मेडल से प्रधानाचार्य और अतिथि वृन्द के कर कमलों द्वारा सम्मानित किया गया।विद्यालय के अध्यक्ष डा० प्रणव दीक्षित और प्रबन्धक महामना मिश्रीलाल वर्मा ने समस्त मेधावियों और उत्तीर्ण विद्यार्थियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रधानाचार्य जी के माध्यम से ज्ञापित किया।

प्रधानाचार्य ने अपने सम्बोधन में कहा कि समस्त विद्यार्थियों को अयोध्या धाम के ऐतिहासिक गौरव के अनुरूप संस्कारयुक्त गुणवत्तापरक शिक्षा प्राप्ति के लिए तत्परता के साथ उत्साहित रहना चाहिए और हमारे शिक्षक साथियों को विद्यालय और विद्यार्थियों के उत्तरोत्तर प्रगति व विकास के लिए समर्पित रहना चाहिए इसी में गौरवपूर्ण सम्मान निहित है।इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान के साथ आदित्य सिंह प्राध्यापक के संचालन में वार्षिक परीक्षा फल वितरण और मेधावी सम्मान समारोह 2025 हर्षोल्लास के माहौल में सकुशल सम्पन्न हुआ।