मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 और 4 सितंबर 2026 को दो दिवसीय मथुरा दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और शासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीएम योगी वृंदावन में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ श्री बांके बिहारी मंदिर और श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन करेंगे।
3 सितंबर को वृंदावन पहुंचेंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 सितंबर को दोपहर 1 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से परखम स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा वृंदावन जाएंगे। करीब 1:10 बजे भक्ति स्थल मार्ग का भ्रमण और अवलोकन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री गीता शोध संस्थान, वृंदावन पहुंचेंगे। यहां लंच एवं विश्राम के बाद ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक में शामिल होंगे।
परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास और लाभार्थियों को प्रमाण पत्र
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:50 से 2:10 बजे तक गीता शोध संस्थान में मेला/कार्यक्रम के तहत विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास, वृक्षारोपण और ब्रज दर्शन कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी जी मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजन करेंगे।
बांके बिहारी मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन
कार्यक्रम के मुताबिक सीएम योगी करीब 2:20 बजे बांके बिहारी मंदिर पहुंचेंगे और दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह मथुरा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान परिसर में बने अशोका अतिथि गृह में जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे।
4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि जाएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 सितंबर की सुबह करीब 9:45 बजे अतिथि गृह से रवाना होंगे। करीब 9:55 बजे श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे।
यहां सबसे पहले गो-पूजन का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन एवं पूजन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करीब 10:35 बजे वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि से रवाना होंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री अतिथि गृह पहुंचकर कुछ देर रुकेंगे और करीब 11 बजे वहां से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। करीब 11:05 बजे हेलीपैड पहुंचने के बाद 11:10 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से मथुरा से प्रस्थान करेंगे।
सीएम योगी के दो दिवसीय दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
समय कार्यक्रम
3 सितंबर, 1:00 बजे परखम हेलीपैड, वृंदावन आगमन
1:10-1:20 बजे भक्ति स्थल मार्ग का भ्रमण
1:25 बजे गीता शोध संस्थान पहुंचेंगे
1:30-1:50 बजे ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक
1:50-2:10 बजे लोकार्पण, शिलान्यास, वृक्षारोपण व लाभार्थियों को प्रमाण पत्र
2:20 बजे बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन
3:10 बजे अशोका अतिथि गृह पहुंचेंगे, रात्रि विश्राम
4 सितंबर, 9:55 बजे श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचेंगे
9:55-10:05 बजे गो-पूजन
10:05-10:35 बजे दर्शन-पूजन
11:05 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे
11:10 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से प्रस्थान।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान मथुरा-वृंदावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन और सुगम आवागमन की बड़ी चुनौती रहेगी।