• Fri. Sep 25th, 2026

नेपाल में लैंडिंग के दौरान सीता एयर विमान का पिछला पहिया निकला, 16 लोग सुरक्षित

काठमांडू। नेपाल के डोल्पा जिले में गुरुवार सुबह बड़ा विमान हादसा टल गया। नेपालगंज से डोल्पा के जुफाल एयरपोर्ट पहुंचा सीता एयरलाइंस का विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लैंडिंग के समय विमान का पिछला दायां पहिया निकल गया, जिसके बाद विमान रनवे पर रुक गया। विमान में सवार 13 यात्रियों और तीन क्रू सदस्यों समेत सभी 16 लोग सुरक्षित हैं। यात्रियों में सात विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

सुबह करीब 8:25 बजे हुआ हादसा

अधिकारियों के मुताबिक विमान नेपालगंज से डोल्पा के लिए रवाना हुआ था। जुफाल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान सुबह करीब 8:25 बजे विमान का पिछला दायां पहिया निकल गया। पहिया निकलने के बाद विमान रनवे पर ही रुक गया। पायलट ने तत्काल इंजन बंद कर दिया, जिससे किसी बड़े हादसे की स्थिति टल गई। विमान को कोई बड़ी संरचनात्मक क्षति नहीं होने की जानकारी सामने आई है।

सात विदेशी यात्री भी थे सवार

जिला पुलिस के अनुसार विमान में 13 यात्री सवार थे, जिनमें सात विदेशी नागरिक और छह नेपाली नागरिक शामिल थे। इसके अलावा विमान में तीन क्रू सदस्य थे। सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

रनवे पर विमान फंसने से उड़ानें प्रभावित

हादसे के बाद विमान रनवे पर ही खड़ा रहा, जिसके कारण जुफाल एयरपोर्ट पर अन्य उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। एक नेपाली सेना का विमान भी एयरपोर्ट के नजदीक पहुंचने के बाद वापस लौट गया। अधिकारियों ने विमान को हटाने और तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञों को हेलीकॉप्टर से भेजने की तैयारी की।

अधिकारियों के मुताबिक विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। हादसे में विमान को कोई बड़ी क्षति नहीं होने की प्रारंभिक जानकारी है।

Leave a Reply