• Wed. Oct 7th, 2026

नवागत जिलाधिकारी अश्वनी कुमार पाण्डेय ने संभाला श्रावस्ती का कार्यभार

ByRK Maurya

Oct 29, 2025

रिपोर्ट : आर०के०मौर्य

नवागत जिलाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने संभाला श्रावस्ती का कार्यभार, सुशासन व पारदर्शिता को दी प्राथमिकता

श्रावस्ती। मंगलवार देर रात नवागत जिलाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने श्रावस्ती जनपद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले के समग्र विकास, सुशासन और पारदर्शिता को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।

डीएम अश्वनी कुमार पांडेय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में प्रशासनिक कार्य संस्कृति को और अधिक संवेदनशील एवं परिणामपरक बनाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, यह उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान और जनसुनवाई की प्रक्रिया को और अधिक सशक्त किया जाएगा, ताकि नागरिकों को निचले स्तर पर ही न्याय मिल सके।

डीएम पांडेय ने कहा कि उनका विशेष ध्यान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, विकास परियोजनाओं में गति लाने और प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाने पर रहेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करें और सरकार की योजनाओं को धरातल पर सफलतापूर्वक उतारें।

उन्होंने यह भी कहा कि जनता से संवाद और सहयोग प्रशासन की सफलता की कुंजी है। इसलिए हर अधिकारी को फील्ड में सक्रिय रहकर लोगों की समस्याओं को समझना और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना होगा।

जिलाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने कहा कि श्रावस्ती की जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है, और उस पर खरा उतरना मेरी जिम्मेदारी।

Leave a Reply