• Mon. Oct 5th, 2026

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शहीद का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, चार की मौत सीएम योगी ने मुआवजे का किया ऐलान

लखनऊ। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में हुए हादसे में एंबुलेंस चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने सुलतानपुर और देवरिया के अधिकारियों को शोकाकुल परिवारों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

चंडीगढ़ से देवरिया जा रहा था पार्थिव शरीर

जानकारी के अनुसार देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र के गहिला-दुधैला गांव निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का चंडीगढ़ में निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर एंबुलेंस से पैतृक गांव ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस में उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। रविवार सुबह करीब 8:15 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 79.6 के पास एंबुलेंस को एक वाहन ने टक्कर मार दी।

शहीद के बेटे समेत चार की मौत

हादसे में एंबुलेंस चालक जसपाल और शहीद के पुत्र गौरव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शहीद के बड़े भाई रामसमूझ सिंह और रिश्तेदार राजन चौधरी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।

हादसे के बाद पुलिस ने शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखवाया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

Leave a Reply