अयोध्या। ऋतु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में विराजमान रामलला सरकार की पूजा, आरती, भोग, विश्राम और दर्शन की समय-सारणी में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था रविवार, 1 नवंबर 2026 से लागू होगी। इसके तहत मंदिर के पट अब सुबह चार बजे खुलेंगे और रात 10 बजे बंद होंगे। वर्तमान में पट सुबह 3:45 बजे खुलते हैं और रात 10:30 बजे बंद होते हैं।
नई समय-सारणी के अनुसार, सुबह 4:30 से 4:40 बजे तक मंगला आरती होगी। इसके बाद अभिषेक, श्रृंगार, धूप-दीप और नैवेद्य के लिए सुबह 4:40 से 6:30 बजे तक पट बंद रहेंगे। सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती होगी और सात बजे से श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
सुबह आठ से 8:10 बजे तक बालभोग के लिए दर्शन बंद रहेंगे। इसके बाद 11:30 बजे तक दर्शन जारी रहेंगे। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक राजभोग की प्रक्रिया होगी और दोपहर 12 बजे राजभोग आरती होगी। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक रामलला विश्राम करेंगे। इसके बाद पुजारी प्रवेश और अल्पभोग की प्रक्रिया पूरी होने पर दोपहर 1:35 बजे से दर्शन फिर शुरू होंगे।
सायंकाल चार से 4:10 बजे तक बालभोग के लिए पट बंद रहेंगे। इसके बाद शाम 6:45 बजे तक दर्शन होंगे। शाम 6:45 से सात बजे तक धूप-दीप और नैवेद्य की प्रक्रिया के बाद संध्या आरती होगी।
रात आठ से 8:30 बजे तक और रात 9:15 से 9:30 बजे तक धूप-दीप एवं नैवेद्य के लिए पट बंद रहेंगे। रात 9:30 बजे शयन आरती होगी और रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। श्रद्धालुओं से अपील है कि दर्शन के लिए निकलने से पहले नई समय-सारणी का ध्यान रखें।