• Tue. Nov 3rd, 2026

दीपोत्सव से पहले अयोध्या को स्वच्छ बनाने में जुटे महापौर, 31 अक्टूबर को सरयू के सभी घाटों पर चलेगा अभियान

अयोध्या। दसवें दीपोत्सव की तैयारियों के बीच नगर निगम ने अयोध्या को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सफाई अभियान तेज कर दिया है। शनिवार सुबह महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने हनुमानगढ़ी से अभियान की शुरुआत की। उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की और मंदिर परिसर से लेकर आसपास के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।

सुबह करीब 7:30 बजे नगर निगम की टीम सफाई उपकरणों के साथ हनुमानगढ़ी के निकास द्वार पर पहुंची। हनुमानजी के दर्शन के बाद महापौर ने झाड़ू उठाई तो सफाई कर्मियों के साथ अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, समाजसेवी आलोक सिंह और अन्य लोगों ने भी सफाई में भागीदारी की। अभियान के तहत हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों, मंदिर के आसपास और राममंदिर जाने वाले मार्ग की सफाई कराई गई। पॉलिथीन, कपड़ों के टुकड़े और फुटपाथ के किनारे जमा कूड़ा हटाया गया। मच्छरों के प्रजनन पर अंकुश लगाने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया। सफाई दल के पीछे फॉगिंग मशीन से भी छिड़काव किया गया।

महापौर ने हनुमानगढ़ी परिसर स्थित शौचालय की सफाई का जायजा लिया। इसके बाद पंजाबी बाबा की गली से होते हुए महंत ज्ञानदास के आवासीय परिसर के सामने पहुंचे। वहां जल प्याऊ के नीचे गंदा पानी जमा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और जल निगम के अधिकारियों को तत्काल पानी हटाने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंदिर के मुख्य द्वार के पास स्थित जल प्याऊ और आसपास कीचड़ वाले स्थानों की सफाई कराने को भी कहा।

अशर्फी भवन की ओर जाने वाले मार्ग का निरीक्षण करने के बाद महापौर वापस मुख्य मार्ग पर पहुंचे। वहां पुरानी पानी की टंकी पर गंदगी जमा मिलने पर उन्होंने मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अन्य स्थानों पर गंदगी मिलने पर भी उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को साफ-सफाई में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

महापौर ने कहा कि दसवें दीपोत्सव के स्वागत के लिए अयोध्यावासी उत्साहित हैं। इसकी तैयारी स्वच्छता अभियान से शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि आगामी 31 अक्टूबर को सरयू नदी के सभी घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसमें नगर निगम के कर्मचारियों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, राजनीतिक कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन भी शामिल होंगे।

उन्होंने नागरिकों से घरों के साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी साफ रखने की अपील की। कहा कि दीपावली से पहले अयोध्या को पूरी तरह स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए जनसहयोग जरूरी है, ताकि दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालु यहां की सुंदरता और स्वच्छता का अनुभव लेकर लौटें।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि 31 अक्टूबर को प्रस्तावित अभियान के प्रचार के लिए वाहन भी चलाया जा रहा है। सफाई अभियान में हनुमानगढ़ी के संतों के अलावा अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद, पार्षद प्रतिनिधि प्रियेश दास, पार्षद अनीता द्विवेदी, शिक्षाविद श्रीनिवास शास्त्री, सुनील अवस्थी, अभय यादव, समाजसेवी निरंकार पाठक, विनोद पाठक, राजाराम सेवा संस्थान के इंद्रप्रीत सिंह बेदी, आशीष कौर, चिंतन संस्थान के जितेंद्र दुबे, विमल और विनय सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Leave a Reply