• Tue. Aug 25th, 2026

दीपोत्सव को लेकर दीपक बना रहे कुम्हारों के चाक की तेज हुई रफ्तार

ByJyoti Nishad

Oct 29, 2023

अयोध्या। जैसे-जैसे दीपोत्सव करीब आ रहा है, वैसे-वैसे अयोध्या जनपद के जयसिंहपुर गांव के कुम्हारों के चाक की गति तेज हो गई है। दीपोत्सव को विश्व कीर्तिमान बनाने के लिए प्रदेश की योगी सरकार ने इस वर्ष 24 लाख दिए जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए जयसिंहपुर गांव के 40 घर के कुम्हार रात दिन एक करने में लगे हैं। वैसे अब तक कुम्हार 12 लाख दीपक बना चुके हैं। जिसमें से उन्होंने 7 लाख दीपक डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय को बेच दिए हैं। 20 लाख दीपक बनाने के लिए अब जयसिंहपुर के कुम्हार रात भर जागरण कर दीए बनाने में लगे हैं।

अयोध्या में इस बार सातवां दीपोत्सव का आयोजन होना है। बीते छह दीपोत्सव में जयसिंहपुर के कुम्हारों ने हर वर्ष 14 लाख दीपक बना कर दिए थे। जिससे उनकी आय अच्छी हुई थी। जब से योगी सरकार ने अयोध्या में दीपोत्सव मनाने का संकल्प लिया है। तब से हर वर्ष हो रही आय से कुम्हारों के परिवारों का भाग्य पलटने लगा है। वैसे इस वर्ष जब कुम्हारों ने 10 लाख दीपक बनाए थे तब तक कोई भी खरीदार उनके पास न पहुंचने से कुछ समय तक उनमें मायूसी थी। किंतु जब अवध विश्वविद्यालय ने 7 लाख का पहला आर्डर दिया तो इसके बाद उनको 20 लाख दीपक और बनाने का ठेका मिल गया।

कुम्हारों के घर पर लौटेगी रौनक

कुम्हार विनोद कहते हैं कि हमारे गांव के 40 कुम्हार परिवार इसी काम में लगे हैं और हम लोग यह मान कर चल रहे हैं कि दीपोत्सव से पहले ही 20 लाख दीपक तैयार कर अयोध्या पहुंचाया जाए। अयोध्या में प्रतिवर्ष हो रहे दीपोत्सव को लेकर विनोद ने कहा कि योगी सरकार ने हम लोगों को एक बड़ा रोजगार उपलब्ध कराया हैं। जिसके बदौलत हम लोग अब वर्षों से जो रोजी-रोटी के लिए इधर-उधर भटकते थे हमें कहीं अब जाने की जरूरत नहीं है। वर्ष में एक बार हम लोग मेहनत करके और अपने साल भर की कमाई कर लेते हैं। जो कुम्हारों पहले वर्ष भर में 25 से 20 हजार रुपए के बीच कमाते थे अब दीपोत्सव के लिए दीपक तैयार कर लगभग एक लाख रुपए कमा रहे हैं।

Leave a Reply