• Wed. Aug 26th, 2026

नवरात्र में ‘समृद्ध सुकन्या-समृद्ध समाज’ अभियान के तहत डाकघर में बेटियों का खुलेगा सुकन्या समृद्धि खाता

ByJyoti Nishad

Oct 18, 2023

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

मीरजापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत शुरू किए गए ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने ‘समृद्ध सुकन्या-समृद्ध समाज’ अभियान चलाया है। इसके तहत विभाग अब हर घर में पहुंचेगा। प्रयागराज परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव के निर्देश पर 7 जिलों – प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, सुल्तानपुर व अमेठी जिले में अभियान चलाया जायेगा। प्रयागराज परिक्षेत्र के डाकघरों में अब तक 3 लाख सुकन्या समृद्धि खाते खोले जा चुके हैं।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 वर्ष तक की बेटियों का खाता डाकघर में खुलवाया जा सकता है। इसमें 8.0% ब्याज मिलता है, जो कि किसी भी लघु बचत योजना से अधिक है। मात्र ₹ 250 से खुलने वाला यह खाता बेटियों की पढ़ाई एवं शादी के लिए एक वरदान की तरह है। आयकर की धारा 80 सी के तहत आयकर में डेढ़ लाख तक की छूट का भी प्रावधान इस खाते में है।

पोस्टमास्टर जनरल श्री यादव ने कहा कि परिवार की बेटियों का डाकघर में सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाकर कन्या पूजन कर सकते हैं। यह कार्य नवरात्रि में किया जाए तो और भी पुण्य मिलेगा। नवरात्रि में कन्याओं का बहुत महत्व होता है। इस दौरान कन्याओं को पूजा के लिए घर पर आमंत्रित कर उपहार देने की भी परंपरा है।

मिर्ज़ापुर मंडल के अधीक्षक डाकघर सुरेश चंद ने बताया कि सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने के लिए बिटिया के जन्म प्रमाण पत्र की प्रति और उसके माता या पिता के आधार कार्ड की प्रति और दो फोटो के साथ नजदीकी डाकघर में संपर्क किया जा सकता है। मिर्ज़ापुर मंडल में अब तक 50 हजार से अधिक बालिकाओं के सुकन्या खाते खोले जा चुके हैं।

Leave a Reply