• Tue. Aug 25th, 2026

जन्मोत्सव के सज- धजकर तैयार कान्हा की नगरी

मथुरा। योगी सरकार में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव भव्य और दिव्य तरीके मनाया जा रहा है। सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन और ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने वृहद स्तर पर तैयारी की है। कान्हा के जन्मोत्सव के लिए मथुरा- वृंदावन दुल्हन की तरह सजकर तैयार है। प्रवेश मार्ग, प्रमुख चौराहों, प्राचीन मंदिरों और परिक्रमा मार्ग पर आकर्षक सजावट और रंग बिरंगी विद्युत झालरों से रोशन किया गया है। वहीं 7 सितम्बर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर पहली बार सुबह 8 बजे श्री कृष्ण जन्म स्थान से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

रंग- बिरंगी एलईडी लाइटों से रोशन हुए चौक- चौराहे और मंदिर

भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा पर अब श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का रंग चढ़ने जा रहा है। शहर के तिराहों और चौराहों को धार्मिक स्वरूप दिया गया है। कन्हैया के जन्मोत्सव में ब्रज संस्कृति के साथ आसपास के राज्यों की लोक कलाओं की झलक भी दिखाई देगी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार इस बार 07 सितम्बर को मनाया जाएगा। ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ जेपी पांडेय ने बताया कि इस खास दिन भगवान श्रीकृष्ण के भक्त जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए देशभर से मथुरा आते हैं। तीन दिन मथुरा- वृंदावन में जन्माष्टमी का खास उल्लास रहेगा। शहर के सभी प्रवेश मार्ग सजाए गए हैं। कन्हैया के जन्म के उत्सव की अनुभूति के लिए सभी तिराहा- चौराहों को भी धार्मिक स्वरूप प्रदान किया गया। वहीं 17 स्थानों पर कलाकारों के लिए छोटे मंच और सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। इन मंचों पर स्थानीय कलाकार ब्रज की लोक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। वहीं अन्य राज्यों के कलाकार भी अपनी लोक कलाओं का प्रदर्शन करते नजर आएंगे।

श्री कृष्ण जन्मभूमि सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि श्री कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर जन्म भूमि मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस बार भारत का मिशन चंद्रयान 3 सफल होने पर जन्मभूमि में इसरो के चीफ एस सोमनाथ के नाम पर भव्य और दिव्य बांग्ला सजाया जाएगा। जन्माष्टमी को लेकर श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में अनेक कार्यक्रम प्रातः काल से ही प्रारंभ हो जाएंगे, शहनाई, ढोल, नगाड़े और वंदना के साथ ठाकुर जी की मंगला आरती 7 सितंबर को प्रातः 5:30 पर होगी। वहीं प्रातः 8:00 बजे भगवान का दिव्या पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। सुबह 10:00 बजे पुष्पांजलि कार्यक्रम भागवत भवन और लीला मंच पर आयोजित किए जाएंगे। रात्रि 11:00 बजे श्री गणेश नवग्रह पूजन आरंभ होंगे। 1008 पुष्प कमल से ठाकुर जी का सहस्त्र चरण करते हुए साधु- संत भजन गायन शुरू करेंगे। रात्रि 12:00 बजे भगवान श्री कृष्ण का 5250 वां जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। रात्रि 12:05 से रात्रि 12:20 तक जन्म अभिषेक कामधेनु स्वरूपा गौ माता के थन से किया जाएगा। वहीं, ठाकुर जी रजत कमल पुष्प में विराजमान होंगे। रात्रि 12:20 से 12:40 तक महा अभिषेक होगा और रात्रि 12:40 से 12:50 तक श्रृंगार आरती होगी। वहीं, दूर दराज से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।

मथुरा- वृंदावन के प्रमुख मंदिरों में 7 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे कान्हा का जन्म होगा। लेकिन जन्मोत्सव के साक्षी बनने के लिए बुधवार से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु भी ब्रज संस्कृति में सराबोर नजर आ रहे हैं।वहीं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। इस बार मथुरा- वृंदावन ट्रैफिक जाम न हो उसके लिए बुधवार रात 8 बजे से 8 सितम्बर रात तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। मथुरा शहर में भरतपुर गेट से डीग गेट, मसानी चौराहा से भूतेश्वर चौराहा तक वाहनों का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए मथुरा में 20 स्थानों पर पार्किंग बनाई गई है। वहीं 74 स्थानों पर बैरियर लगाए गए है। इसी प्रकार वृंदावन में 43 स्थानों पर बैरियर और 17 स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।

सुरक्षा के किए गए पुख़्ता इंतज़ाम, चप्पे- चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

खुफिया एजेंसियों ने इस बार श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर करीब 80 लाख लोगों के आने की संभावना जताई है। इसको देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मथुरा- वृंदावन को 6 सेक्टर और 33 जोन में बांटते हुए मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। सुरक्षा के लिए पुलिस के अलावा पीएसी, आरएएफ को तैनात कर दिया गया है। वहीं श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के पूरे परिसर की सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए श्री कृष्ण जन्म स्थान के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो इसके लिए पर्यटन हेल्पलाइन नंबर 18601801508 जारी कर किया गया है।

Leave a Reply