अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र में देर रात गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास गिट्टी लदे ट्रेलर से पुलिस की कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में उपनिरीक्षक आकाश यादव की मौत हो गई, जबकि रिक्रूट आरक्षी प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिसकर्मियों की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने 28 वर्षीय उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया।
दरोगा आकाश यादव की मौत
हादसे में जान गंवाने वाले उपनिरीक्षक आकाश यादव की उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है। वह जौनपुर जिले के रहने वाले थे। गश्त के दौरान हुई इस दुर्घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। वहीं हादसे में घायल 27 वर्षीय रिक्रूट आरक्षी प्रदीप कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली घायल सिपाही की जानकारी
अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बुधवार को मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर पहुंचकर हादसे में घायल रिक्रूट आरक्षी प्रदीप कुमार के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों को घायल सिपाही का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।एसएसपी ने इसके बाद घटनास्थल का भी निरीक्षण किया और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ट्रेलर कब्जे में, हादसे की जांच शुरू
हादसे के बाद पुलिस ने गिट्टी लदे ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। देर रात गश्त के दौरान हुए इस हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।