मीरजापुर। केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जनपद के तोसवा गांव में मोहन पहाड़ी से पैडापुर मार्ग पर स्थित रेलवे अंडर पास में बरसात के दिनों में जल भराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए कवर शेड की व्यवस्था करने तथा इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर अनुरोध किया है।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि तोसावा गांव में मोहन पहाड़ी से पैडापुर मार्ग पर स्थित रेलवे अंडर पास में बरसात के दिनों में वर्षा जल के साथ-साथ निकट के नाले का गाद, मलबा और पानी अंडर पास में बहने के कारण जल भराव की समस्या अत्यंत विकट हो जाती है, जिससे क्षेत्रवासियों को काफी अधिक असुविधा होती है।
केंद्रीय मंत्री पटेल ने अपना दल (एस) के युवा नेता दुर्गेश पटेल एवं समस्त क्षेत्रवासियों के प्रार्थना पत्र का उल्लेख करते हुए कहा है कि जलभराव की समस्या से क्षेत्र के हजारों निवासी प्रभावित होते हैं। क्षेत्र में वर्षा जल की निकासी के अस्थायी समाधान के रूप में निकासी पंपिंग की व्यवस्था एवं बचाव के लिए उपाय के रूप में रेलवे अंडर पास पर कवर शेड की व्यवस्था करने तथा इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु समीप स्थित नाले की जल निकासी हेतु एक अतिरिक्त पुलिया का निर्माण और एक नए आरयूबी/आरओबी का निर्माण कराने जैसे आवश्यक उपायों द्वारा क्षेत्रवासियों की परेशानी का समाधान किया जा सकेगा। इससे तोसवा ग्राम के क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।