• Fri. Aug 21st, 2026

जिलाधिकारी के साथ शक्ति संवाद के तहत महिला सशक्तिकरण गोष्ठी का आयोजन

ByJyoti Nishad

Oct 28, 2023

बस्ती। महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलम्बन हेतु मिशन शक्ति फेज-4 अभियान के अन्तर्गत ‘‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ एवं शक्ति संवाद‘‘ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंद्रा वामसी ने गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि आदिशक्ति स्वरूपा नारी सदैव बन्दनीय रही है। सुरक्षा व स्वावलम्बन को लेकर शासन प्रशासन बेहद संवेदनशील है। भयमुक्त वातावरण में आज महिलाएं सर्वांगीण विकास हेतु तत्पर है।

उन्होने कहा कि प्रत्येक बालिका व महिलाओं को आत्मस्वाभिमान एवं अपनी शक्ति की खुद पहचान करनी होगी। सामाजिक संस्कारों का पालन करना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है, इसका निर्वहन करते हुए हम अपने हक की बात कर सकते है और सभी अपने लक्ष्य को प्राप्त भी कर सकते है। उन्होने छात्राओं की जिज्ञासाओं को प्रश्नों के माध्यम से जानकर समुचित उत्तर भी दिया।

पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने कहा कि शक्ति दीदी अभियान के तहत महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों/घरेलू हिंसा को रोकने के लिए निरन्तर जागरूक किया जा रहा है। महिला हेल्प लाईन 1090 पर सुरक्षा हेतु किसी भी समय फोन किया जा सकता है।

मुख्य विकास अधिकारी जयदेव सी.एस. ने कहा कि आज महिलाओं के लिए विकास हेतु विभिन्न योजनाए मिशन शक्ति के अन्तर्गत संचालित है। महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक होकर अपनी पहचान बनाते हुए स्वावलम्बी बनने का संदेश दिया जा रहा है। इस दिशा में निरन्तर प्रशासन द्वारा योजनाओं के माध्यम से नारी शक्ति को जोड़ा गया है। महिला स्वयं सहायता समूह स्वावलम्बन का एक प्रमुख उदाहरण है।

अपर जिलाधिकारी कमलेश चन्द्र ने कहा कि सीमित संसाधनों में भी महिलाए ना केवल अपना विकास कर रही है बल्कि दुर्बल व दीनहीन लोगों के लिए सहारा बन रही है। इस अवसर पर सीएमओ डा. रमाशंकर दुबे, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति प्रेरक मिश्रा, सीएमएस महिला डा. पी.के. श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी सावित्री देवी, प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव, अनीता यादव, भाग्यवती पाण्डेय, बीना सिंह तथा जीजीआईसी, बेगम खैर गर्ल्स इण्टर कालेज, श्रीकृष्ण पाण्डेय गर्ल्स इण्टर कालेज, श्याम बहादुर आर्य कन्या इण्टर कालेज की छात्राए उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन जीजीआईसी की शिक्षिका पूर्णिमा श्रीवास्तव ने किया।

Leave a Reply